कोल्हान को मिलेगी बड़ी सौगात: सीएम हेमंत सोरेन कल करेंगे ‘नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज’ का उद्घाटन; 900 बेड का होगा अस्पताल

आदित्यपुर: झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में शुक्रवार को एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कल सरायकेला जिले के दौरे पर रहेंगे, जहाँ वे आदित्यपुर इंडस्ट्रियल पार्क में नवनिर्मित ‘नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल’ का भव्य उद्घाटन करेंगे। यह संस्थान कोल्हान प्रमंडल के साथ-साथ पूरे राज्य के लिए चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहेंगे दिग्गज

उद्घाटन समारोह की गरिमा बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री के साथ राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, क्षेत्रीय सांसद व विधायक और स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन द्वारा कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

अस्पताल की खासियतें और क्षमता

सितवांतो देवी महिला कल्याण समिति के तत्वाधान में संचालित यह अस्पताल अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है।वर्तमान में यहाँ 650 बेड का सुपर मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल संचालित है, जिसे इसी सत्र से बढ़ाकर 900 बेड करने की योजना है।इसी शैक्षणिक सत्र से यहाँ एमबीबीएस के 100 छात्रों का नामांकन हो चुका है। उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री इन प्रथम बैच के छात्रों को संबोधित भी करेंगे। इंडस्ट्रियल बेल्ट में स्थित होने के कारण यह अस्पताल स्थानीय श्रमिकों और आसपास के ग्रामीणों के लिए वरदान साबित होगा।

शिक्षा के क्षेत्र में ‘नेताजी सुभाष ग्रुप’ का बढ़ता कद

नेताजी सुभाष ग्रुप बिहार और झारखंड में शिक्षा के क्षेत्र में एक विश्वसनीय नाम बन चुका है।जमशेदपुर में इस ग्रुप की यूनिवर्सिटी और एक दर्जन से अधिक स्कूल संचालित हैं।पटना के बिहटा में भी इनका मेडिकल कॉलेज, अस्पताल और इंजीनियरिंग कॉलेज सफलतापूर्वक चल रहा है।अब आदित्यपुर में इस मेडिकल कॉलेज की शुरुआत से कोल्हान के छात्रों को डॉक्टरी की पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

“दूरदर्शी सोच का परिणाम”: प्रबंध निदेशक कृष्ण मुरारी

बिहटा (पटना) मेडिकल कॉलेज के प्रबंध निदेशक कृष्ण मुरारी ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि यह कॉलेज न केवल कोल्हान बल्कि पूरे झारखंड के लिए एक धरोहर बनेगा। उन्होंने इसका श्रेय सितवांतो देवी महिला कल्याण समिति के सचिव मदन मोहन सिंह की दूरदर्शी सोच को दिया।

चेयरमैन मदन मोहन सिंह का संकल्प

नेताजी सुभाष ग्रुप के चेयरमैन और समिति के सचिव मदन मोहन सिंह ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा हमने राज्य की जनता से जो वादा किया था, उसे आज पूरा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री द्वारा इस संस्थान का उद्घाटन होना हमारे लिए गौरव की बात है। हमारा लक्ष्य शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में झारखंड को आत्मनिर्भर बनाना है।

More From Author

जमशेदपुर: 31 जनवरी से बंद हो सकती है कोलकाता-भुवनेश्वर हवाई सेवा, कुणाल षडंगी ने की टाटा स्टील एमडी से मुलाकात

चंपाई सोरेन का हेमंत सरकार पर तीखा प्रहार: “पेसा कानून के नाम पर आदिवासियों के साथ हुआ धोखा, अब अस्मिता के लिए होगा बड़ा आंदोलन”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *