जमशेदपुर : लौहनगरी के परसुडीह थाना अंतर्गत प्रमोद नगर, जूही रोड में चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक बंद घर को निशाना बनाया है। चोरों ने घर का ताला काटकर लाखों रुपए के जेवरात और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। यह घर पंजाब नेशनल बैंक में सीनियर बैंक मैनेजर के पद पर कार्यरत गोविंद चंद्र हांसदा का बताया जा रहा है।
परिवार गया था पंजाब, सूने घर में बोला धावा
मिली जानकारी के अनुसार, बैंक मैनेजर गोविंद चंद्र हांसदा इन दिनों अपने सपरिवार के साथ पंजाब गए हुए हैं। घर पूरी तरह बंद था, जिसका फायदा उठाकर बीती रात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला काट दिया और भीतर दाखिल हो गए। बुधवार सुबह जब घर में काम करने वाली दाई (कामवाली) पहुंची, तो उसने देखा कि मुख्य दरवाजे का कुंडा कटा हुआ है। अंदर जाने पर पूरा सामान बिखरा पड़ा था, जिसके बाद उसने तुरंत पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी।
अलमारियां खाली, बिस्तर पर मिले ज्वेलरी के डिब्बे
चोरी की वारदात बेहद सुनियोजित तरीके से की गई है। घर के भीतर का नजारा देख अंदाजा लगाया जा सकता है कि चोरों ने काफी समय लेकर पूरे घर को खंगाला है ।घर की सभी अलमारियां खुली हुई थीं और कीमती कपड़े व अन्य सामान फर्श पर पड़े थे।ज्वेलरी के खाली डिब्बे बिस्तर पर मिले हैं, जिससे स्पष्ट है कि चोरों ने केवल कीमती गहनों और नकदी को अपना निशाना बनाया है।हालांकि सटीक आकलन बैंक मैनेजर के लौटने के बाद ही हो पाएगा, लेकिन प्रारंभिक तौर पर लाखों की संपत्ति चोरी होने की बात कही जा रही है।
सीसीटीवी में दिखे दो संदिग्ध, पुलिस की छापेमारी शुरू
सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में लग गई है।पुलिस ने जब जूही रोड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला, तो उसमें दो संदिग्ध युवक घर में प्रवेश करते हुए दिखाई दिए हैं।थाना प्रभारी ने बताया कि संदिग्धों के हुलिए के आधार पर पहचान की जा रही है और क्षेत्र के पुराने अपराधियों के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
