झरिया में युवक का शव बरामद, प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका से हड़कंप

धनबाद :धनबाद जिले के झरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत घनुवाडीह ओपी के पांडेबेड़ा इलाके में रविवार को एक युवक का शव बरामद होने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। झाड़ियों में शव पड़े होने की सूचना पर स्थानीय लोग घटना स्थल पर जुट गए। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान बोकारो निवासी तुषार सिंह के रूप में

मृतक युवक की पहचान बोकारो चास के रहने वाले 22 वर्षीय तुषार सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार तुषार 11 नवंबर को उड़ीसा में काम करने के लिए चंद्रपुरा स्टेशन से ट्रेन पकड़ने निकला था, लेकिन स्टेशन तक पहुंचा ही नहीं। उड़ीसा में संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की और इसकी सूचना चंद्रपुरा थाना को दी।

मोबाइल लोकेशन से मिला सुराग, झाड़ियों में मिला शव

पुलिस द्वारा मोबाइल लोकेशन ट्रेस किए जाने पर पता चला कि तुषार की लोकेशन लोदना क्षेत्र में थी। लोकेशन के आधार पर परिजन पांडेबेड़ा पहुंचे। वहां झाड़ियों में युवक का शव बरामद हुआ। शव की स्थिति देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, प्रेम प्रसंग को बताया वजह

परिजनों ने यह घटना हत्या बताते हुए झरिया के पांडेबेड़ा की एक युवती और उसके परिवार वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।परिवार का आरोप है कि तुषार का युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था और कुछ दिनों पहले युवती के परिजनों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। परिवार का दावा है कि धमकी के बाद से तुषार डरा हुआ रहता था।

मृतक का वीडियो वायरल—खुदकुशी का संकेत या दबाव में बयान?

इस बीच तुषार का एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें वह खुदकुशी की बात करता हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि परिजनों का कहना है कि यह वीडियो दबाव में बनवाया गया हो सकता है।

पुलिस ने कहा—पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगा मौत का कारण

घनुवाडीह ओपी प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि युवक बोकारो का निवासी था।उसके झरिया की एक युवती से प्रेम संबंध होने की जानकारी मिली है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।पुलिस प्रेम प्रसंग से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

इलाके में भय और आक्रोश

घटना के बाद से पांडेबेड़ा और आसपास के क्षेत्रों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोग पुलिस से शीघ्र कार्रवाई और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

More From Author

गालूडीह :केसरपुर की मुख्य सड़क अब भी बदहाल, आज़ादी के 78 साल बाद भी नहीं बना पक्का रास्ता

जमशेदपुर में जिम्स और सिम्स हॉस्पिटल की नई साझेदारी:जिम्स इन्फॉर्मेशन सेंटर और आउटरीच क्लिनिक का उद्घाटन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *