जमशेदपुर: मानगो की लचर सफाई व्यवस्था के खिलाफ जदयू का हल्ला बोल, नगर निगम के समक्ष धरना-प्रदर्शन

जमशेदपुर: मानगो क्षेत्र में दिनों-दिन बिगड़ती सफाई व्यवस्था और कचरा उठाव में लापरवाही के खिलाफ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को जदयू नेता पप्पू सिंह के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने मानगो नगर निगम कार्यालय के समक्ष जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कचरा प्रबंधन को दुरुस्त करने की मांग की।

घर-घर कचरा उठाव सेवा पूरी तरह ठप

धरना स्थल पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए पप्पू सिंह ने कहा कि मानगो नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कई इलाकों में ‘डोर-टू-डोर’ कचरा उठाव की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि शत-प्रतिशत घरों से कचरा उठाव नहीं हो रहा है, जिससे लोग कूड़ा सड़कों पर फेंकने को मजबूर हैं। मानगो की मुख्य सड़कों और बस्तियों के किनारे कचरे के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं, जिनकी हफ्तों तक सफाई नहीं होती। निगम के अधिकारी और सफाई सुपरवाइजर क्षेत्र का दौरा नहीं कर रहे हैं, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

बढ़ रहा बीमारियों का खतरा

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सड़क किनारे पड़े कचरे के सड़ने से दुर्गंध फैल रही है और मच्छर-मक्खियों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं पैदा होने का डर बना हुआ है। स्थानीय महिलाओं ने भी प्रदर्शन में शामिल होकर शिकायत की कि सफाई कर्मचारी नियमित रूप से नहीं आते, फिर भी टैक्स के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है।

निगम प्रशासन को चेतावनी

जदयू नेता पप्पू सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगामी कुछ दिनों के भीतर सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और कचरा उठाव गाड़ियों का रूट चार्ट सार्वजनिक कर सेवा नियमित नहीं की गई, तो पार्टी चरणबद्ध तरीके से उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी। प्रदर्शन के अंत में एक मांग पत्र भी निगम के अधिकारियों को सौंपा गया।

More From Author

जमशेदपुर: टाटा पावर में हड़ताल की आहट; ठेका मजदूरों के उत्पीड़न पर भड़की यूनियन, शनिवार को होगा बड़ा फैसला

गम्हरिया: घोड़ाबाबा मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब; 2 लाख श्रद्धालुओं ने टेका मत्था, पूर्व CM चंपाई सोरेन और सांसद भी हुए शामिल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *