पोटका प्रखंड अंतर्गत कोवाली पंचायत में जन वितरण प्रणाली दुकान संचालक पर राशन वितरण में भारी अनियमितता का आरोप लगा है।राशन कार्डधारियों ने दुकानदार ललिता खंडापातर के खिलाफ कार्रवाई और लाइसेंस रद्द करने की मांग की है।ग्रामीणों के अनुसार काशीडीह गांव स्थित पीडीएस दुकान से पंचायत के अधिकांश कार्डधारी राशन लेते हैं, लेकिन दिसंबर, जनवरी, फरवरी और मार्च माह का राशन अब तक नहीं दिया गया है।
फिंगरप्रिंट लेकर लौटा देने का आरोप
कार्डधारियों का आरोप है कि दुकानदार ई-पॉश मशीन में लाभुकों का फिंगरप्रिंट लेकर पर्ची दे देती है और अगले महीने राशन देने का आश्वासन देकर वापस भेज दिया जाता है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हर महीने इसी तरह राशन रोककर काला बाजारी की जाती है।
बिचौलिया चला रहा दुकान, दुर्व्यवहार का भी आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि दुकान का संचालन नामित दुकानदार के बजाय दिलीप खंडापातर नामक बिचौलिया करता है।लोगों ने आरोप लगाया कि वह लाभुकों के साथ दुर्व्यवहार करता है, जबकि नामित दुकानदार अधिकतर समय दुकान में मौजूद नहीं रहती हैं।
शिकायत के बाद जांच में मिली अनियमितता
मामले को लेकर ग्रामीणों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी और आपूर्ति पदाधिकारी को लिखित शिकायत सौंपी थी।शिकायत की जांच में अनियमितता पाए जाने के बाद आपूर्ति विभाग ने दुकान को बरखास्त कर दिया है।हालांकि अब तक लाभुकों को चार माह का बकाया राशन नहीं मिल पाया है।
ग्रामीणों ने की नई दुकान खोलने की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि लंबित राशन जल्द उपलब्ध कराया जाए।साथ ही ललिता खंडापातर का लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द कर कोवाली पंचायत में नई पीडीएस दुकान का लाइसेंस जारी किया जाए, ताकि लोगों को समय पर राशन मिल सके।
