जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित बागुनहातु नीम भट्ठा बालू घाट में प्रशासन ने अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जमशेदपुर के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अर्णव मिश्रा ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए नदी किनारे खड़े बालू से लदे तीन ट्रकों को जब्त कर लिया।
अवैध रूप से हो रहा था बालू का उठाव
जानकारी के अनुसार, सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु लाल भट्ठा और बारीडीह बस्ती इलाके से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में बालू का उठाव कर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भेजा जाता है। प्रशासन को लंबे समय से अवैध बालू कारोबार की शिकायतें मिल रही थीं।
एसडीओ ने खुद पहुंचकर की कार्रवाई
सूचना मिलने के बाद एसडीओ अर्णव मिश्रा स्वयं मौके पर पहुंचे और बालू घाट का निरीक्षण किया। छापेमारी के दौरान नदी किनारे अवैध रूप से खड़े तीन ट्रकों में बालू लदा पाया गया, जिन्हें तत्काल जब्त कर सिदगोड़ा थाना के सुपुर्द कर दिया गया।
संचालक फरार, पहचान की प्रक्रिया जारी
छापेमारी की भनक लगते ही कथित संचालक और संबंधित लोग मौके से फरार हो गए। प्रशासन अब ट्रकों के मालिकों और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटा है। अधिकारियों का कहना है कि संचालक की पहचान और दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस और प्रशासन की संयुक्त निगरानी
फिलहाल जब्त किए गए तीनों ट्रक सिदगोड़ा थाना परिसर में रखे गए हैं। प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध खनन और बालू तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
