जमशेदपुर। जमशेदपुर के उलीडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत आदिवासी क्लब के पास रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। अपराधियों ने 24 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंक दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की छानबीन में जुट गई है।
शनिवार रात से लापता था युवक
मृतक की पहचान शकोंसाई रोड नंबर-2 निवासी विकास सिंह (24 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, विकास शनिवार देर रात अपने भगिने से मिलने उलीडीह गया था। वहां से घर लौटने के लिए निकलने के बाद वह वापस नहीं पहुँचा। परिवार वालों ने रात भर उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल नहीं लगा और न ही उसका कोई सुराग मिला।
युवती की सूचना पर पहुंचे परिजन
रविवार सुबह उलीडीह की एक युवती ने विकास के परिजनों को फोन पर सूचना दी कि झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा है। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और मृतक की पहचान विकास के रूप में की। विकास के सिर पर धारदार हथियार से किए गए कई गहरे निशान मिले हैं, जो हत्या की क्रूरता को बयां कर रहे हैं।
नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों पर शक
विकास के भाई ने इलाके में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर रोष व्यक्त किया है। परिजनों ने आशंका जताई है कि क्षेत्र में सक्रिय नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों ने इस वारदात को अंजाम दिया होगा। उनका कहना है कि विकास किसी साजिश या लूटपाट का शिकार हुआ हो सकता है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।अपराधियों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।स्थानीय लोगों और संदेही व्यक्तियों से पूछताछ जारी है।
