जमशेदपुर। शहर के सबसे व्यस्ततम मार्गों में शामिल स्टेट माइल रोड पर गुरुवार को ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार ने किया। इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाई गई छोटी-छोटी दुकानों और नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
सड़क किनारे खड़े वाहनों को किया गया जब्त
अभियान के दौरान सड़क किनारे यातायात बाधित कर रहे कई वाहनों को जब्त किया गया। चौधरी बिल्डिंग के समीप खड़ी “पुलिस” लिखी एक चारपहिया गाड़ी पर भी कार्रवाई की गई और उसे जब्त कर लिया गया। इस कार्रवाई से यह संदेश दिया गया कि यातायात नियम सभी के लिए समान हैं।
अचानक कार्रवाई से मची अफरा-तफरी
ट्रैफिक पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई से स्टेट माइल रोड क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अतिक्रमण हटने और वाहनों के हटाए जाने के बाद संकरी दिखने वाली सड़क कई फीट चौड़ी नजर आने लगी, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू हो गई और लोगों को राहत मिली।
“नियम सबके लिए समान” : ट्रैफिक डीएसपी
अभियान के दौरान ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार ने कहा कि यातायात नियम सभी के लिए समान हैं, चाहे वह पुलिस कर्मी हो या आम नागरिक। उन्होंने स्पष्ट किया कि नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े सभी वाहनों पर इसी तरह कार्रवाई की जाएगी।
साकची समेत अन्य बाजार क्षेत्रों में भी चलेगा अभियान
ट्रैफिक पुलिस ने संकेत दिए हैं कि शहर के अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों, विशेषकर साकची बाजार और अन्य प्रमुख बाजार क्षेत्रों में भी अतिक्रमण एवं अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और सड़क जाम की समस्या को कम करना है।
