जमशेदपुर फायरिंग कांड का खुलासा: कदमा पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार, देसी पिस्टल व कारतूस बरामद

जमशेदपुर। कदमा थाना क्षेत्र के रामजनम नगर में हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस तथा घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं। मामले के खुलासे के बाद पुलिस ने दावा किया है कि घटना पुरानी रंजिश का परिणाम थी।

शिकायत के बाद गठित की गई विशेष जांच टीम

सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 10 जून को रामजनम नगर निवासी ऋषि नाग ने कदमा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आयु कर्मकार और उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच एवं छापेमारी टीम का गठन किया गया।

मुख्य आरोपी समेत चार गिरफ्तार

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आयु कर्मकार (20) और राजेश लोहार (35) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आयु कर्मकार के पास से एक देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस,राजेश लोहार के पास से तीन जिंदा कारतूस और घटनास्थल से दो फायर किए गए खोखे बरामद किए हैं।

बदला लेने की नीयत से की गई थी फायरिंग

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों और शिकायतकर्ता पक्ष के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने बदला लेने की नीयत से फायरिंग की घटना को अंजाम दिया।मामले में शामिल विशाल कर्मकार और सुमन लोहार उर्फ हीराम लोहार को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

आरोपी का रहा है आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजेश लोहार का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ पहले से आदित्यपुर और कदमा थाना में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है।

अन्य आरोपियों और पहलुओं की जांच जारी

पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। यदि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

जमशेदपुर में दिव्यज्योति नेत्रहीन संस्थान का हुआ नवीनीकरण, विधायक सरयू राय ने किया उद्घाटन

कोल्हान में जंगली हाथियों का आतंक: महिला की मौत, बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल