झारखंड में समय पर पहुंचा मानसून, अगले 2-3 दिनों में पूरे राज्य को करेगा कवर: मौसम विभाग

रांची/जमशेदपुर: झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने निर्धारित समय पर दस्तक दे दी है। रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार, 12 जून को राज्य में मानसून के प्रवेश की आधिकारिक घोषणा की। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से पूर्वी भारत में मानसूनी गतिविधियां लगातार बढ़ रही थीं, जिसके बाद झारखंड में मानसून का प्रवेश हो चुका है।

अगले 2-3 दिनों में पूरे झारखंड में होगा मानसून का विस्तार

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, आगामी दो से तीन दिनों के भीतर मानसून पूरे झारखंड में फैल जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में सामान्य तौर पर 12 जून के आसपास मानसून प्रवेश करता है और इस वर्ष भी मानसून ने अपने निर्धारित समय पर दस्तक दी है।

जून में कमजोर रह सकता है मानसून, किसानों को सावधानी बरतने की सलाह

रांची मौसम केंद्र के अनुसार, जून माह में मानसूनी गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर रहने की संभावना है। ऐसे में किसानों को निचले इलाकों वाले खेतों में धान की रोपाई फिलहाल टालने की सलाह दी गई है।विशेषज्ञों ने कहा कि मध्य एवं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में किसान धान की रोपाई के बजाय वैकल्पिक फसलों की बुवाई पर विचार कर सकते हैं, ताकि मौसम की अनिश्चितता से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।

अल नीनो का असर, सामान्य से कम बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले वर्ष झारखंड में सामान्य मानसूनी वर्षा दर्ज की गई थी, लेकिन इस वर्ष अल नीनो के प्रभाव के कारण राज्य में सामान्य से कम बारिश होने की आशंका जताई जा रही है।मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि पूरे मानसून सीजन के दौरान वर्षा की मात्रा औसत से कम रह सकती है, जिससे कृषि क्षेत्र प्रभावित हो सकता है।

कृषि और मौसम पर प्रशासन की नजर

मौसम विभाग लगातार मानसून की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और किसानों को समय-समय पर मौसम आधारित सलाह जारी की जा रही है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम के बदलते रुख को देखते हुए किसानों को वैज्ञानिक सलाह के अनुरूप खेती की योजना बनानी चाहिए।

More From Author

दो अलग-अलग घटनाओं में करैत सांप के डंसने से दो महिलाओं की मौत, डुमरिया क्षेत्र में शोक की लहर

पटमदा के कांकु गांव में स्टोन क्रशर परियोजना के समर्थन में ग्रामीणों का प्रदर्शन, उपायुक्त कार्यालय का घेराव