जमशेदपुर: मानगो के पलाशबनी में जमीन विवाद में खूनी खेल; महिला पर ‘फसुआ’ और ‘कुल्हाड़ी’ से जानलेवा हमला, देवर को भी पीटा

जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत पलाशबनी गांव में भूमि विवाद को लेकर एक महिला पर घात लगाकर जानलेवा हमला करने का मामला प्रकाश में आया है। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। घटना के बाद घायल महिला रायमुनी मार्डी के पति लोबो मार्डी ने मानगो थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराकर नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

रैयती जमीन पर जबरन हल चलाने का विरोध करने पर हुआ विवाद

मानगो पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, इस पूरे खूनी संघर्ष की शुरुआत सुबह के वक्त हुई। पीड़िता रायमुनी मार्डी को सुबह सूचना मिली कि गांव के ही कुछ लोग उनकी पैतृक व रैयती जमीन पर अवैध कब्जा करने की नीयत से जबरन हल चला रहे हैं। सूचना मिलते ही रायमुनी मार्डी अपने देवर कुशल मार्डी को साथ लेकर खेतों की तरफ पहुंचीं। वहां पहले से ही हाड़ीराम मार्डी उर्फ चैतन मार्डी, कमल मार्डी, चुनुर मार्डी उर्फ दिकु मार्डी, संगीता मार्डी तथा सोना मार्डी लाठी-डंडों और हथियारों के साथ मौजूद थे।

संगीता ने ‘फसुआ’ से किया गर्दन पर वार, सोना ने तानी ‘कुल्हाड़ी’

शिकायत के मुताबिक, जब रायमुनी मार्डी ने अपनी जमीन पर हल चलाने का विरोध किया और बातचीत करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने अचानक उग्र रुख अपना लिया। आरोपियों ने पहले रायमुनी को भद्दी-भद्दी गालियां दीं और फिर उन पर टूट पड़े। इसी बीच संगीता मार्डी ने हाथ में लिए धारदार हथियार ‘फसुआ’ से रायमुनी की गर्दन पर एक के बाद एक कई ताबड़तोड़ वार कर दिए।वहीं, दूसरे आरोपी सोना मार्डी ने हाथ में ली कुल्हाड़ी से महिला के सिर पर हमला करने का प्रयास किया। जब रायमुनी को बचाने उनका देवर कुशल मार्डी बीच-बचाव करने पहुंचा, तो आरोपियों ने उसे भी बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया।

गर्दन पर गहरे जख्म, एमजीएम अस्पताल में इलाज जारी

इस भीषण और जानलेवा हमले में रायमुनी मार्डी के गर्दन पर गहरे और गंभीर जख्म आए हैं, जिससे अत्यधिक खून बह गया। घटना की चीख-पुकार सुनकर जब तक ग्रामीण इकट्ठा होते, आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।वारदात की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और खून से लथपथ रायमुनी मार्डी को तुरंत इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है।

मामले की जांच में जुटी मानगो पुलिस

मानगो थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से लिखित शिकायत मिल चुकी है। जमीन से जुड़े इस खूनी विवाद को लेकर पुलिस ने हाड़ीराम मार्डी, कमल मार्डी, चुनुर मार्डी, संगीता मार्डी और सोना मार्डी के खिलाफ हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पलाशबनी गांव और आस-पास के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

More From Author

जमशेदपुर: शंकोसाई खड़िया बस्ती गोलीकांड का खुलासा; नशे की हालत में पैसों के विवाद में देवदास को मारी थी गोली, हथियार के साथ 3 गिरफ्तार

लोहरदगा : सहिया ही बनी निजी अस्पताल की दलाल; प्रसूता के हाथ में सलाइन थमाकर स्कूटी से पहुंचाया प्राइवेट क्लीनिक, वीडियो वायरल

Recent News