जमशेदपुर:शहर के बिरसानगर थाना अंतर्गत जोन नंबर 6 से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला पर अपनी दबंगता दिखाते हुए एक निर्माणाधीन मकान का ताला काटकर उस पर अवैध रूप से कब्जा करने का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार ने इस मामले में स्थानीय बिरसानगर थाना प्रभारी पर विपक्षी पार्टी से मिलीभगत करने का गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय के लिए एसएसपी और डीआईजी का दरवाजा खटखटाया है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित बाबूलाल कुमार (बबलू) के अनुसार, उन्होंने साल 2022 में विष्णु कर्मकार नामक व्यक्ति से नियमानुसार जमीन खरीदी थी। जमीन खरीदने के बाद वे धीरे-धीरे उस पर अपने घर का निर्माण करवा रहे थे। वर्तमान में मकान अर्ध-निर्मित अवस्था में है।आरोप है कि इसी बीच जमीन बेचने वाले विष्णु कर्मकार के रिश्ते में भतीजी लगने वाली नेहा तिग्गा नामक महिला ने बबलू पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। महिला का कहना था कि बबलू ने बहुत कम कीमत में जमीन खरीदी है, इसलिए उसे 15 से 20 लाख रुपए अतिरिक्त दिए जाएं। जब पीड़ित ने इस नाजायज मांग को पूरा करने से इनकार कर दिया, तो महिला तरह-तरह के हथकंडे अपनाकर प्रताड़ित करने लगी।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, सामान चोरी का भी आरोप
पीड़ित ने बताया कि बीते 26 मई को नेहा तिग्गा 8 से 10 अन्य महिलाओं के साथ जबरन उनके निर्माणाधीन मकान पर पहुंची। महिला ने कटर से मुख्य गेट का ताला काट दिया और घर के अंदर प्रवेश कर गई। इसके बाद आरोपियों ने मेन गेट पर अपना ताला लगाकर घर को अपने कब्जे में ले लिया।पीड़ित बाबूलाल कुमार का कहना है किमहिला और उसके साथ आए लोगों ने घर के अंदर रखे कई कीमती सामानों की चोरी भी कर ली है। यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है, जिसके पुख्ता सबूत हमारे पास मौजूद हैं।”
थाना प्रभारी पर अनदेखी और मिलीभगत का आरोप
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद वे सीसीटीवी फुटेज और लिखित शिकायत लेकर कई बार बिरसानगर थाना गए, लेकिन थाना प्रभारी द्वारा उनकी बातों को पूरी तरह अनसुना कर दिया गया। बबलू ने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी कानून सम्मत कार्रवाई करने के बजाय एकतरफा रूप से आरोपी महिलाओं के पक्ष में काम कर रहे हैं, जिसके कारण आरोपी महिला के हौसले बुलंद हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों से न्याय की गुहार
स्थानीय पुलिस से निराश होकर पीड़ित बाबूलाल कुमार ने मामले की लिखित शिकायत कोल्हान डीआईजी सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपी है। इसी क्रम में शुक्रवार को पीड़ित परिवार ने जमशेदपुर एसएसपी से मुलाकात कर अपनी आपबीती सुनाई। पीड़ित ने एसएसपी से मांग की है कि उनके घर को अविलंब अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए।चोरी गए कीमती सामानों को वापस दिलाया जाए।फुटेज के आधार पर दोषियों और उनका साथ देने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद अब पीड़ित परिवार को न्याय की उम्मीद है।
