जमशेदपुर। साकची स्थित करीम सिटी कॉलेज के नॉन टीचिंग स्टाफ एसोसिएशन ने अपने गठन के 50 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘गोल्डन जुबली सेलिब्रेशन-2026’ का भव्य आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य संस्था की गौरवशाली यात्रा को याद करना, पूर्व कर्मचारियों के योगदान का सम्मान करना और भविष्य के लिए नई ऊर्जा एवं संकल्प के साथ आगे बढ़ने का संदेश देना था।
ऑडिटोरियम में आयोजित हुई गरिमामयी सभा
कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में करीम ट्रस्ट के ट्रस्टी अशफाक करीम, डायरेक्टर ऑफ एजुकेशन डॉ. मोहम्मद जकरिया, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रेयाज तथा विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग के पूर्व कुलपति डॉ. फिरोज अहमद सहित अनेक प्राध्यापक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित रहे।इस अवसर पर अतिथियों ने शिक्षकेतर कर्मचारियों की भूमिका और उनके समर्पण की सराहना करते हुए संस्था के विकास में उनके योगदान को याद किया।
‘शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारियों का समन्वय ही सफलता की कुंजी’
अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रेयाज ने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की सफलता शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारियों के आपसी सहयोग पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि करीम सिटी कॉलेज की उपलब्धियों के पीछे दोनों वर्गों के बीच बेहतर समन्वय और टीमवर्क सबसे बड़ी ताकत है।
‘शिक्षकेतर कर्मचारी संस्था की रीढ़ हैं’
करीम ट्रस्ट के ट्रस्टी अशफाक करीम और डॉ. मोहम्मद जकरिया ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षकेतर कर्मचारी किसी भी शैक्षणिक संस्थान की रीढ़ होते हैं। उनका समर्पण, त्याग और सेवा-भाव कॉलेज की प्रगति की मजबूत नींव है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बांधा समां
समारोह के दौरान स्वादिष्ट भोजन के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। संगीत संस्था ‘म्यूजिकोलॉजी’ के कलाकारों ने लोकप्रिय फिल्मी गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।गायन में अमिताभ विद्यार्थी, श्याम श्री, संगीता दुबे, के. श्रीनिवास और पिजुश चक्रवर्ती ने अपनी मधुर प्रस्तुतियां दीं, जबकि राजू, बीजू, शिबू और लालतू ने विभिन्न वाद्य यंत्रों पर संगत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
‘हम नौकरी नहीं, सेवा करते हैं’ : माजिद अशरफ
नॉन टीचिंग स्टाफ एसोसिएशन के सचिव माजिद अशरफ ने गोल्डन जुबली के अवसर पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन के 50 वर्ष बेहद संतोषजनक रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरान कई कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए और नए लोग जुड़े, लेकिन सभी ने कॉलेज के विकास में समान रूप से योगदान दिया।उन्होंने कहा, “हमारे कर्मचारी केवल नौकरी नहीं करते, बल्कि संस्था को अपनी सेवाएं समर्पित करते हैं। यही हमारी सबसे बड़ी पहचान है।”
आयोजन को सफल बनाने में इनकी रही अहम भूमिका
गोल्डन जुबली समारोह के सफल आयोजन में नॉन टीचिंग स्टाफ एसोसिएशन के अध्यक्ष मो. मकसूद आलम तथा अकाउंटेंट महफूज आलम की विशेष भूमिका रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षकों, कर्मचारियों एवं आमंत्रित अतिथियों ने भाग लेकर समारोह को ऐतिहासिक बना दिया।
