सरायकेला-खरसावां: जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत झाबरी गांव के समीप रविवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर शराब से लदी एक वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन चालक सुरक्षित बच गया, जबकि वैन में लदी लाखों रुपये मूल्य की शराब सड़क पर बिखर गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। सड़क पर फैली शराब की बोतलों को उठाने के लिए लोगों में होड़ मच गई। कई लोग टूटने से बची बोतलों को अपने साथ ले जाने लगे, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
4.62 लाख रुपये की शराब थी लदी
प्राथमिक जानकारी के अनुसार वैन में करीब 4.62 लाख रुपये मूल्य की ओल्ड मॉन्क ब्रांड की शराब लदी हुई थी। दुर्घटना में लगभग 90 प्रतिशत शराब की बोतलें टूटकर नष्ट हो गईं, जबकि शेष करीब 10 प्रतिशत बोतलें स्थानीय ग्रामीण अपने साथ ले गए।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर चौका थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने लोगों को घटनास्थल से हटाया तथा क्षतिग्रस्त वैन को सड़क किनारे करवाकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सामान्य कराया। बची हुई शराब और अन्य सामान को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान है कि तेज रफ्तार या चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खो देने के कारण यह हादसा हुआ। चौका थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
