जमशेदपुर: रामदेव बागान फायरिंग कांड का खुलासा, मुख्य आरोपी शुभम कुमार गिरफ्तार; लोडेड पिस्टल और कारतूस बरामद

जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र के रामदेव बगान में 14 जून की देर रात हुई फायरिंग की घटना का जमशेदपुर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी शुभम कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लोडेड पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा बरामद किया गया है।

गोली लगने से युवक हुआ था गंभीर घायल

डीसीपी संजीव कुमार ने बताया कि 14 जून की रात करीब 11:30 बजे रामदेव बगान में हुई गोलीबारी में सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के टाटा लाइन क्वार्टर नंबर-32 निवासी 29 वर्षीय दीपक कुमार झा गंभीर रूप से घायल हो गए थे।घटना के बाद गोलमुरी थाना में कांड संख्या 71/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 352 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई थी विशेष टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 20 जून को आरोपी शुभम कुमार को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी गोलमुरी के देबुन बगान स्थित टाटा लाइन का रहने वाला है। उसका स्थायी पता बिहार के सिवान जिले के सराय थाना क्षेत्र के माहपुर गांव का है।

लोडेड पिस्टल और कारतूस बरामद

पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद कर लिया गया। पुलिस ने एक लोडेड पिस्टल, उसमें मौजूद एक जिंदा कारतूस तथा घटनास्थल से संबंधित एक खोखा जब्त किया है।

शराब पिलाने को लेकर हुआ था विवाद

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से पहले शराब पीने के दौरान विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार, आरोपी शुभम कुमार कथित तौर पर शराब नहीं पिलाए जाने से नाराज था। इसी विवाद के दौरान उसने दीपक कुमार झा पर गोली चला दी।

अन्य पहलुओं की भी जांच जारी

पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी और इसके पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं था।

More From Author

मानगो के भारत पेट्रोल पंप पर दूसरे दिन भी हंगामा, पेट्रोल में पानी की मिलावट का आरोप; वाहन मालिकों ने मांगा मुआवजा

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सत्यम संजीवन ट्रस्ट ने वरिष्ठ नागरिकों संग मनाया योग उत्सव, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश