जमशेदपुर: जनता दल (यूनाइटेड) पूर्वी सिंहभूम के जिला महासचिव कुलविंदर सिंह पन्नू के नेतृत्व में सोमवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल में निर्धारित मानक से अधिक एथेनॉल मिश्रण किए जाने की मिल रही शिकायतों की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
उपभोक्ताओं ने लगाए ईंधन की गुणवत्ता पर सवाल
ज्ञापन में कहा गया है कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में वाहन चालकों और उपभोक्ताओं द्वारा लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि कुछ पेट्रोल पंपों पर भारत सरकार द्वारा निर्धारित ई-20 (20 प्रतिशत एथेनॉल और 80 प्रतिशत पेट्रोल) मानक का पालन नहीं किया जा रहा है।शिकायतों के अनुसार, कुछ स्थानों पर निर्धारित सीमा से अधिक एथेनॉल मिश्रित ईंधन की आपूर्ति की जा रही है, जिससे वाहनों का माइलेज कम हो रहा है, इंजन के प्रदर्शन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इन शिकायतों से आम उपभोक्ताओं में ईंधन की गुणवत्ता को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है।
बिना जांच किसी पेट्रोल पंप को दोषी ठहराना उचित नहीं: जदयू
जदयू ने अपने ज्ञापन में स्पष्ट किया कि बिना जांच किसी भी पेट्रोल पंप को दोषी ठहराना उचित नहीं होगा। हालांकि, लगातार सामने आ रही शिकायतों को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा पूरे मामले की वैज्ञानिक और निष्पक्ष जांच कराना आवश्यक है।पार्टी ने मांग की है कि यदि जांच में किसी पेट्रोल पंप द्वारा निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध आवश्यक कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
लैब जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग
जदयू ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों से ईंधन के नमूने लेकर मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में उनकी जांच कराई जाए। साथ ही जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं का ईंधन की गुणवत्ता पर विश्वास कायम रह सके।
