जन शिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त ने सुनी लोगों की समस्याएं, विभागों को समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश

जमशेदपुर: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना। इस दौरान प्राप्त सभी आवेदनों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए उन्होंने आवेदकों को समयबद्ध और संवेदनशील तरीके से समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।

विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों की हुई सुनवाई

जन शिकायत निवारण दिवस में बिजली विभाग की कथित गलत कार्रवाई, भूमि विवाद, म्यूटेशन, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत ऋण स्वीकृति, सरकारी नाले पर अवैध पक्का निर्माण, भूमि मापी पावती अद्यतन, अवैध कब्जा, जमीन का सीमांकन, चिकित्सीय सहायता, पारिवारिक विवाद, जमीन का दखल-दिहानी, पक्का नाली निर्माण, जलमीनार की मरम्मत, अंत्योदय राशन कार्ड जारी करने, दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने, विद्युत कनेक्शन, घरेलू विवाद तथा पारंपरिक ग्राम प्रधान की नियुक्ति समेत विभिन्न जनहित से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।

समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश

उपायुक्त ने सभी मामलों की क्रमवार समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सभी अधिकारी गंभीरता और जवाबदेही के साथ कार्य करें।

पारदर्शी और प्रभावी समाधान पर जोर

उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से कार्य करना होगा, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।

More From Author

जमशेदपुर: साकची सब्जी मंडी में महिला डॉक्टर का ढाई लाख का सोने का आभूषण गायब, पुलिस जांच में जुटी

पप्पू यादव के 100 करोड़ हॉर्स ट्रेडिंग आरोप पर सरयू राय का पलटवार, बोले- पहले अपने गिरेबान में झांकें