जमशेदपुर: परमहंस लक्ष्मीनाथ गोस्वामी मंदिर परिसर में गुरुवार को बाबा लक्ष्मीनाथ आरोग्य संस्थान का भव्य उद्घाटन किया गया। संस्थान का शुभारंभ जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं ओपीडी भवन का फीता काटकर किया।
कई गणमान्य अतिथि रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में शहर के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. उमेश खान, डॉ. नकुल चौधरी, मनोज ठाकुर, टेल्को कंपनी के पूर्व प्रबंधक चंदेश्वर खान, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता विजय खान तथा समाजसेवी शिव शंकर सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में मंदिर समिति की पहल सराहनीय: सरयू राय
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सरयू राय ने परमहंस लक्ष्मीनाथ मंदिर समिति की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि जब कोई धार्मिक संस्था समाज के स्वास्थ्य और जनसेवा के क्षेत्र में योगदान देती है, तो वह अध्यात्म और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करती है।उन्होंने कहा कि समाज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इस तरह की पहल प्रेरणादायक है और इससे जरूरतमंद लोगों को काफी लाभ मिलेगा।
नि:स्वार्थ सेवा देने वाले चिकित्सकों की प्रशंसा
सरयू राय ने संस्थान से जुड़कर नि:शुल्क चिकित्सा सेवा देने वाले डॉक्टरों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि भगवान के बाद डॉक्टर का स्थान होता है और यदि चिकित्सक मंदिर परिसर में आकर जनसेवा करें तो यह अत्यंत पुण्य और महान कार्य है।
समिति पदाधिकारियों ने जताया आभार
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने भी आरोग्य संस्थान की स्थापना को समाजहित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। समारोह का स्वागत भाषण समिति के अध्यक्ष मानस कुमार मिश्रा ने दिया।कार्यक्रम का संचालन महासचिव चंद्रशेखर झा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कोषाध्यक्ष अशोक मिश्रा ने किया।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नागरिक हुए शामिल
इस अवसर पर सरोज मिश्रा, डॉ. त्रिपुरा झा, अमोल कुमार मिश्रा, मिथिला संस्कृति परिषद के अध्यक्ष मोहन ठाकुर, पूर्व अध्यक्ष ललन चौधरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समाजसेवा और स्वास्थ्य सेवा का नया केंद्र बनेगा संस्थान
मंदिर समिति की ओर से शुरू किया गया बाबा लक्ष्मीनाथ आरोग्य संस्थान क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। संस्थान के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को चिकित्सा परामर्श और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
