जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित परसुडीह बाजार में बीती रात अज्ञात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। चोरों ने बाजार की करीब छह दुकानों के ताले तोड़कर नकदी, सब्जियां, बत्तख और अन्य सामान की चोरी कर ली। शुक्रवार सुबह जब दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो टूटी दुकानों और बिखरे सामान को देखकर हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
गल्ला तोड़कर दो हजार रुपये और दस्तावेज ले गए
आलू-प्याज व्यवसायी अजय यादव ने बताया कि चोर उनकी दुकान से नकदी रखने वाला गल्ला उठा ले गए। बाद में बाजार से कुछ दूरी पर गल्ला टूटा हुआ मिला, लेकिन उसमें रखे करीब दो हजार रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज गायब थे। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ आवश्यक कागजात खोने की परेशानी भी उठानी पड़ रही है।
टमाटर, लहसुन, नकदी और आठ बत्तख की भी चोरी
चोरों ने अन्य दुकानों को भी निशाना बनाया। दुकानदार दुखी पोद्दार की दुकान से एक कैरेट टमाटर चोरी कर लिया गया, जबकि मधु पोद्दार की दुकान से लहसुन और खुदरा नकदी गायब मिली। वहीं नीति मुर्गी दुकान से आठ बत्तख चोरी कर ली गईं। सुनील पान दुकान का कैश काउंटर भी तोड़ा गया, लेकिन उसमें नकदी नहीं होने के कारण चोरों को कुछ हाथ नहीं लगा।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद बाजार के दुकानदारों में भारी नाराजगी देखी गई। उनका कहना है कि बाजार समिति नियमित रूप से शुल्क वसूलती है, लेकिन रात में सुरक्षा के लिए कोई चौकीदार तैनात नहीं किया जाता। दुकानदारों का आरोप है कि सुरक्षा व्यवस्था की कमी के कारण चोर लगातार बाजार को निशाना बना रहे हैं।
सीसीटीवी और रात्रि गश्त की मांग
दुकानदारों ने बाजार में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे लगाने और नियमित रात्रि गश्त की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
पुलिस जांच में जुटी
परसुडीह थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
