जमशेदपुर: गर्मी के मौसम में रक्तदाताओं की संख्या कम होने से ब्लड बैंकों में अक्सर रक्त की कमी हो जाती है। इसी चुनौती से निपटने और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अर्पण परिवार द्वारा 28 जून (रविवार) को प्रातः 8 बजे से सायं 6 बजे तक धतकीडीह स्थित जमशेदपुर ब्लड बैंक में 11वें महा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
तैयारियों को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक
शिविर की सफलता सुनिश्चित करने के लिए धतकीडीह स्थित जमशेदपुर ब्लड बैंक में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में रक्तदाताओं के पंजीकरण, स्वयंसेवकों की जिम्मेदारियों, प्रचार-प्रसार, व्यवस्थाओं और अधिकाधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सभी सदस्यों ने इस सेवा अभियान को ऐतिहासिक और सफल बनाने का संकल्प लिया।
“रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा” : अमरप्रीत सिंह काले
अर्पण परिवार के संरक्षक अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। एक यूनिट रक्त कई लोगों को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि गर्मी के मौसम में शहरवासियों को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े।उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे 28 जून (रविवार) सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक जमशेदपुर ब्लड बैंक पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान करें और इस मानव सेवा अभियान का हिस्सा बनें।
रक्तदान अभियान समाज के लिए महत्वपूर्ण: संजय चौधरी
जमशेदपुर ब्लड बैंक के हेड संजय चौधरी ने कहा कि गर्मी के दिनों में रक्त की मांग लगातार बनी रहती है, जबकि रक्तदाताओं की संख्या कम हो जाती है। ऐसे समय में अर्पण परिवार जैसे संगठनों द्वारा आयोजित महा रक्तदान शिविर समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।उन्होंने कहा कि “अर्पण परिवार का रक्तदान अभियान मानव सेवा की अनुकरणीय मिसाल है।”
बैठक में बड़ी संख्या में सदस्य रहे उपस्थित
बैठक का संचालन जुगुन पांडे ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जीवन सिंहदेव ने प्रस्तुत किया।इस अवसर पर अखिलेश पांडे, बंटी सिंह, बिभाष मजूमदार, प्रिंस सिंह, घनश्याम भिरभरिया, सुमन कुमार, रंजीत कुमार, दीपक सिंह, सूरज बाग, कौशिक प्रसाद, संतोष यादव, सरबजीत सिंह टोबी, मनोज मुखी, सागर मुखी, कोला मुखी, सूरज पाल, विवेक कामत, विकास गुप्ता, कमलेश पाठक, देवाशीष झा, कार्तिक जुमानी, मनोज हलदर, विक्की तारवे, मोहन दास, मनु ढोके, रामा राव, राजू कुमार, सूरज साह, भोला दास, काशीनाथ प्रधान, आकाश गोप और आकाश मूर्ति सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
