बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत जगेश्वर विहार थाना क्षेत्र की तिलैया पंचायत के कारीपानी गांव में शनिवार देर रात रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। मामूली विवाद के बाद शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपने ही पिता की टांगी (कुल्हाड़ी) से वार कर हत्या कर दी।मृतक की पहचान 63 वर्षीय जयलाल करमाली के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पुत्र 30 वर्षीय अर्जुन करमाली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पत्नी के विवाद के बाद पिता से हुआ झगड़ा
थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी अर्जुन करमाली ने कथित तौर पर अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर उसे घर से भगा दिया था। इस बात का बुजुर्ग पिता जयलाल करमाली ने विरोध किया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में टांगी से पिता पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से जयलाल करमाली की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पुत्र अर्जुन करमाली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। वहीं, मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इलाके में सनसनी, हत्या के कारणों की जांच जारी
इस घटना के बाद पूरे कारीपानी गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है। मामूली घरेलू विवाद के बाद बेटे द्वारा पिता की हत्या किए जाने की घटना ने लोगों को झकझोर दिया है।पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
