परसुडीह के सलगाझरी में महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, कारणों का नहीं चला पता

जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत सलगाझरी में रविवार को एक 28 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान सोनी देवी के रूप में हुई है। घटना के समय उनके पति देव कुमार शर्मा एक पार्टी में गए हुए थे। घर लौटने पर उन्होंने पत्नी को फंदे से लटका पाया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

तीन बच्चों के सोने के बाद उठाया आत्मघाती कदम

जानकारी के अनुसार, सोनी देवी अपने तीन बच्चों के साथ घर पर थीं। बच्चों के सो जाने के बाद उन्होंने यह कदम उठाया। सूचना मिलने पर परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारा।

पति ने बताया- पत्नी की तबीयत ठीक नहीं थी

मृतका के पति देव कुमार शर्मा ने बताया कि उनकी पत्नी की तबीयत कुछ दिनों से ठीक नहीं थी। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। सोनी देवी की शादी वर्ष 2013 में हुई थी और उनका मायका परसुडीह के सोपोडेरा में है। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार

परिजनों ने महिला के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने का निर्णय लिया। इस संबंध में उन्होंने परसुडीह थाना में लिखित आवेदन दिया। पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मायके पक्ष की ओर से भी पोस्टमार्टम का विरोध नहीं किया गया।मृतका के भाई बबलू कुमार ने बताया कि देर रात जीजा ने घटना की सूचना दी। उन्होंने कहा कि बहन ने आत्महत्या क्यों की, इसकी जानकारी नहीं है और उन्हें उसकी तबीयत खराब होने की भी कोई सूचना नहीं थी।

पुलिस जांच जारी

परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराने के लिए आवेदन दिया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

More From Author

राजनगर में तेज रफ्तार बाइक टाटा सूमो से टकराई, 17 वर्षीय नाबालिग गंभीर रूप से घायल

कपाली के डोबो में स्कॉर्पियो और 407 वाहन की आमने-सामने टक्कर, स्कॉर्पियो के उड़े परखच्चे