जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरसानगर जोन नंबर-10 स्थित आजाद पथ, बारीडीह बस्ती में टाटा मणिपाल मेडिकल कॉलेज के समीप रविवार शाम करीब 5:30 बजे दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। दो अज्ञात अपराधियों ने एक महिला के गले से करीब 17 ग्राम वजनी सोने की चेन झपटकर फरार हो गए।
वारदात से पहले 10 मिनट तक की रेकी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों बदमाश लाल रंग की बिना नंबर प्लेट वाली R-15 बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे। वारदात को अंजाम देने से पहले उन्होंने करीब 10 मिनट तक इलाके की रेकी की। इसके बाद दोनों किराना सामान खरीदने के बहाने गायत्री चंद्रा की दुकान पर पहुंचे।
सामान देने के दौरान झपटी सोने की चेन
जैसे ही महिला दुकान में सामान देने में व्यस्त हुई, एक बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली। घटना के तुरंत बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार से बारीडीह गोलचक्कर की ओर भाग निकले और मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने किया पीछा, लेकिन नहीं आए हाथ
घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे फरार होने में सफल रहे।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलने के बाद सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी गई है।दिनदहाड़े हुई इस चेन स्नैचिंग की घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
