जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित मेन रोड के डबल डाउन बार के बाहर शनिवार देर रात हुई सनसनीखेज चाकूबाजी का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद हमलावर हिमांशु सिंह और प्रत्युष आनंद पर लगातार चाकू से हमला करते रहे।
पीसीआर वाहन में छिपे युवक को भी बाहर खींचकर किया हमला
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, हमले के दौरान एक युवक अपनी जान बचाने के लिए पीसीआर वाहन में घुस गया, लेकिन हमलावर उसे बाहर खींच लाए और पुलिस के सामने ही उस पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए। फुटेज में यह भी दिखाई देता है कि पुलिस एक आरोपी को पकड़ने में व्यस्त रही, जबकि अन्य हमलावर दोनों युवकों पर हमला करते रहे। वीडियो सामने आने के बाद शहर में लोगों में आक्रोश है और पुलिस की तत्परता पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
दोनों घायलों की हालत गंभीर, एक को कोलकाता रेफर किया गया
घायल प्रत्युष आनंद की हालत बिगड़ने पर रविवार को उसे बेहतर इलाज के लिए कोलकाता के अपोलो अस्पताल रेफर किया गया। वहीं, हिमांशु सिंह का इलाज टाटा मुख्य अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का लगाया आरोप
घायलों के परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय पर प्रभावी कार्रवाई की जाती तो दोनों युवकों की जान खतरे में नहीं पड़ती। उनका यह भी आरोप है कि हमले के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल नहीं पहुंचाया गया।परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे।
बार के अंदर विवाद के बाद बाहर हुआ हमला, एक आरोपी हिरासत में
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी जिलिंगगोड़ा क्षेत्र के रहने वाले हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार, बार के अंदर किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपियों ने बाहर अपने साथियों को बुलाकर दोनों युवकों पर हमला कर दिया।पुलिस ने इस मामले में सोनू मंडल समेत एक युवक को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी जारी है।
