जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित शालीमार मार्केट में सोमवार दोपहर रंगदारी को लेकर हुई चाकूबाजी की घटना से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। होटल कलकत्तिया के सामने हुई इस वारदात में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि पुलिस के मौके से लौटने के कुछ देर बाद आरोपी पिस्टल लेकर दोबारा बाजार पहुंचे और दुकानदारों को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
₹500 की रंगदारी मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुलेट बाइक पर सवार तीन युवक एक पान दुकान पर पहुंचे। गुटखा और सिगरेट लेने के बाद उन्होंने दुकानदार से ₹500 की रंगदारी मांगी। दुकानदार के विरोध करने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया।
तीन लोग घायल, एमजीएम अस्पताल में इलाज जारी
चाकूबाजी में मिनादुल हक, एमडी ताज और एमडी अब्दुल मस्जिद गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
व्यापारियों का आरोप- पुलिस के जाने के बाद फिर लौटे बदमाश
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि पुलिस के जाने के कुछ देर बाद ही आरोपी फिर से बाजार में पहुंचे। इस बार उनके हाथ में पिस्टल थी। आरोप है कि उन्होंने दुकानदारों को धमकाया और इलाके में दहशत फैलाकर फरार हो गए।
व्यापारियों में आक्रोश, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
घटना के बाद शालीमार मार्केट के व्यापारियों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस वारदात और अपराधियों के दोबारा लौटने की घटना से शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, बाजार में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
फिलहाल साकची थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। प्रारंभिक जांच में घटना का मुख्य कारण रंगदारी की मांग बताया जा रहा है।
