जमशेदपुर ग्रीन स्टील राउंड टेबल 224 और जमशेदपुर ग्रीन स्टील लेडीज़ सर्किल 123 के संयुक्त तत्वावधान में जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भव्य बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। चेयरमैन विवेक नरेड़ी और चेयरपर्सन स्नेहा संधू के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता में शहर और आसपास के क्षेत्रों से 250 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।
कई आयु वर्गों में हुए रोमांचक मुकाबले
टूर्नामेंट में अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-19, पुरुष एवं महिला एकल, युगल, मिक्स्ड डबल्स और जंबो डबल्स सहित विभिन्न वर्गों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं प्रतियोगिता का संचालन ईस्ट सिंहभूम बैडमिंटन एसोसिएशन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नॉकआउट प्रारूप में किया गया।
समापन समारोह में पहुंचे प्रमुख अतिथि
समापन समारोह में डिप्टी कमांडेंट मोहनिश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव प्रभाकर राव विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य प्रायोजक राजेश कुमार पटेल को भी सम्मानित किया गया।
इन खिलाड़ियों ने जीते विभिन्न वर्गों के खिताब
प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में विजेताओं के नाम इस प्रकार रहे—
महिला एकल: अनुष्का कच्छप
पुरुष एकल: कीर्तन अग्रवाल
महिला युगल: जल्पा पारिख एवं जसलीन कौर
पुरुष युगल (35+): नजमुल एवं मुज़म्मिल
ओपन पुरुष युगल: कीर्तन एवं अनीश
मिक्स्ड डबल्स: अनाहिता एवं वकास
53 हजार रुपये की पुरस्कार राशि वितरित
विजेता और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को कुल 53 हजार रुपये की पुरस्कार राशि, ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
‘खेल अनुशासन और नेतृत्व का सशक्त माध्यम’
इस अवसर पर चेयरमैन विवेक नरेड़ी ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सामाजिक एकता को मजबूत करने का प्रभावी मंच भी हैं। उन्होंने खिलाड़ियों, प्रायोजकों, स्वयंसेवकों और आयोजन समिति के सभी सदस्यों का सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।
