जमशेदपुर। बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी जलापूर्ति योजना के तहत करीब 15 वर्षों से पेयजल संकट झेल रहे कुंवर सिंह मैदान रोड नंबर-3 के लगभग 50 घरों में आखिरकार नियमित जलापूर्ति शुरू हो गई है। लंबे समय से चली आ रही इस समस्या के समाधान के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने बताया कि डीएमएफटी (जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट) मद से लगभग चार लाख रुपये की लागत से पाइपलाइन का इंटर कनेक्शन निर्माण कार्य पूरा किया गया, जिसके बाद जलापूर्ति बहाल हो सकी। उन्होंने बताया कि सुबह बेला की सप्लाई शुरू होते ही सभी घरों में पर्याप्त दबाव के साथ पानी पहुंचा। वर्षों से पानी की समस्या झेल रहे लोगों के लिए यह किसी बड़ी राहत से कम नहीं था।
पानी आते ही लोगों ने जताई खुशी
जलापूर्ति शुरू होते ही लोगों ने अपने घरों में बाल्टी, ड्रम और अन्य बर्तनों में पानी संग्रह किया। नियमित पानी मिलने से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और इस पहल पर खुशी जाहिर की।
वर्षों तक किया लगातार प्रयास
सुनील गुप्ता ने बताया कि इस कार्य को पूरा कराने के लिए वह पिछले कई वर्षों से लगातार प्रयास कर रहे थे। इस संबंध में उन्होंने पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार, जिला उपायुक्त, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता, कनीय अभियंता तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी से कई बार मुलाकात कर मांग पत्र सौंपे। इसके अलावा पंचायत समिति की मासिक बैठकों में भी उन्होंने इस मुद्दे को लगातार उठाया।
स्थानीय लोगों ने जताया आभार
जलापूर्ति बहाल होने के बाद स्थानीय निवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता के प्रयासों की सराहना की। लोगों का कहना है कि वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है। स्थानीय लोगों ने कहा कि सुनील गुप्ता ने केवल आश्वासन नहीं दिया, बल्कि लगातार प्रयास कर इस कार्य को धरातल पर भी उतारा।
