जमशेदपुर: आजाद नगर थाना पुलिस ने घर से एसी का सामान चोरी करने के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए कॉपर पाइप, तार और अन्य सामान भी बरामद कर लिए हैं।
घर से एसी का सामान हुआ था चोरी
आजाद नगर थाना प्रभारी चंदन कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि कपाली लिंक रोड स्थित मंजर काजमी चौक निवासी इजहार आलम ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर से एसी का कॉपर पाइप, तार समेत अन्य सामान चोरी हो गया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुशबू नगर निवासी मोहम्मद आमिर को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सामान को बरामद कर लिया गया।
पहले भी जा चुका है जेल
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद आमिर का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पूर्व में भी चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
