जमशेदपुर: काशीडीह हाई स्कूल (जेम फाउंडेशन की इकाई) के प्राइमरी विंग (एलकेजी से कक्षा पांच तक) की ओर से सोमवार को विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्वक वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुति से हुई कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ वन महोत्सव के महत्व पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुति से हुआ, जिसे विद्यार्थियों ने प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर जूनियर कोऑर्डिनेटर रीता मिश्रा, कार्यक्रम की कोऑर्डिनेटर संगीता दुबे सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
विभिन्न कक्षाओं के लिए आयोजित हुईं रोचक गतिविधियां
वन महोत्सव के तहत बच्चों के लिए आयु वर्ग के अनुसार कई रचनात्मक प्रतियोगिताओं और गतिविधियों का आयोजन किया गया।एलकेजी और यूकेजी के नन्हे बच्चों ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।कक्षा एक और दो के विद्यार्थियों के अभिभावकों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।कक्षा तीन के विद्यार्थियों ने स्वयं पौधे लगाकर प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।कक्षा चार और पांच के विद्यार्थियों ने पॉट पेंटिंग, आर्ट एंड क्राफ्ट तथा विभिन्न फूलों के चित्र बनाकर उनकी विशेषताओं को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया।
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
कार्यक्रम की कोऑर्डिनेटर संगीता दुबे ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।उन्होंने बच्चों को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित पर्यावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि छोटी-छोटी पहल भविष्य में बड़े बदलाव का आधार बनती हैं।
सामूहिक संकल्प के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम का सफल संचालन मुख्य प्रभारी संगीता दुबे के नेतृत्व में प्राइमरी विभाग के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और सहकर्मियों ने किया। अंत में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने सामूहिक रूप से पौधारोपण कर हरित, स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण के निर्माण एवं संरक्षण का संकल्प लिया।
