जमशेदपुर: परसुडीह थाना पुलिस ने वर्ष 2024 में डकैती की योजना बनाने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गुप्त सूचना पर 2024 में हुई थी छापेमारी
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 25 अक्टूबर 2024 की शाम करीब पांच बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि परसुडीह थाना क्षेत्र के छोटा गोबिंदपुर स्थित एक निर्माणाधीन फ्लैट के पास कुछ अपराधी हथियारों के साथ बड़ी डकैती की योजना बना रहे हैं।सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से सुजल गोप, दिनेश पात्रो उर्फ शुरू बाबू, राकेश पाल उर्फ सोना भगत, सनुष गोप और असीन दास को गिरफ्तार किया था।तलाशी के दौरान राकेश पाल के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ था। सभी आरोपियों को 26 अक्टूबर 2024 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
पूछताछ में सामने आए थे दो फरार आरोपियों के नाम
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान लखीकांत गोप उर्फ बेगी और समीर गोप उर्फ पोल्टु गोप के नाम सामने आए थे। घटना के बाद से दोनों फरार चल रहे थे। लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है लखीकांत गोप उर्फ बेगी (35 वर्ष), निवासी छोटा गोबिंदपुर, परसुडीह।समीर गोप उर्फ पोल्टु गोप (34 वर्ष), वर्तमान पता सुभाषनगर, छोटा गोबिंदपुर तथा स्थायी निवासी बंगालीबासा, थाना पोटका।
दोनों आरोपियों का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, लखीकांत गोप के खिलाफ वर्ष 2016 में रंगदारी, चोरी और तोड़फोड़ के मामले दर्ज हैं। वहीं समीर गोप उर्फ पोल्टु गोप के खिलाफ वर्ष 2018 में रंगदारी, मारपीट, धमकी देने और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों के अन्य आपराधिक संबंधों और गिरोह के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
