जमशेदपुर के चर्चित डीडी बार हत्याकांड में शामिल आरोपी राहुल दुबे के सरेंडर करने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मीडिया के सामने पेश किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चापड़ भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के दबाव में किया था सरेंडर
सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपियों पर दबाव बना रही थी। इसी दबाव के चलते राहुल दुबे ने बिष्टुपुर थाना पहुंचकर घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए सरेंडर कर दिया।इसके बाद पुलिस ने उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चापड़ बरामद किया।
13 आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल
सिटी एसपी ने बताया कि डीडी बार हत्याकांड में अब तक 13 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। मामले में अब केवल एक आरोपी की गिरफ्तारी बाकी है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।उन्होंने कहा कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
