जमशेदपुर के पूर्वी सिंहभूम जिले में रविवार को ग्लोबल शोटोकन कराटे-डू एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में कराटे ब्लैक बेल्ट ग्रेडेशन एवं जज-रेफरी सेमिनार का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ग्लोबल शोटोकन कराटे-डू एसोसिएशन ऑफ झारखंड द्वारा किया गया, जबकि इसकी मेजबानी ग्लोबल शोटोकन कराटे-डू एसोसिएशन ऑफ ईस्ट सिंहभूम ने की।इस अवसर पर जिले के विभिन्न कराटे प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और ब्लैक बेल्ट अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सिहान तारक नाथ सरदार ने दिया तकनीकी प्रशिक्षण
सेमिनार एवं ब्लैक बेल्ट ग्रेडेशन परीक्षा का संचालन ग्लोबल शोटोकन कराटे-डू एसोसिएशन ऑफ इंडिया के चीफ टेक्निकल डायरेक्टर सिहान तारक नाथ सरदार ने किया।वे जापान से 6th डैन ब्लैक बेल्ट धारक हैं तथा एशियन कराटे फेडरेशन के रेफरी और वर्ल्ड कराटे फेडरेशन के जज एवं रेफरी कमीशन के सदस्य भी हैं।उन्होंने प्रतिभागियों को कराटे की आधुनिक तकनीकों, प्रतियोगिता के नियमों तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर की जजिंग और रेफरिंग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
आत्मरक्षा आज की सबसे बड़ी जरूरत : सेंसेई शिवम कुमार
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक सेंसेई शिवम कुमार, जो ग्लोबल शोटोकन कराटे-डू एसोसिएशन ऑफ झारखंड के चीफ इंस्ट्रक्टर एवं स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन ऑफ ईस्ट सिंहभूम के अध्यक्ष हैं, ने कहा कि वर्तमान समय में आत्मरक्षा प्रत्येक व्यक्ति, विशेषकर महिलाओं और बेटियों के लिए अत्यंत आवश्यक हो गई है।उन्होंने कहा कि कराटे केवल आत्मरक्षा की कला नहीं, बल्कि मानसिक विकास, आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक फिटनेस का भी प्रभावी माध्यम है।
हर घर तक कराटे पहुंचाने का लक्ष्य
सेंसेई शिवम कुमार ने बताया कि संगठन का उद्देश्य झारखंड के हर घर तक कराटे की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि प्रत्येक बहन और बेटी जरूरत पड़ने पर अपनी सुरक्षा स्वयं कर सके।उन्होंने कहा कि आज कराटे सेल्फ डिफेंस के साथ-साथ एक लोकप्रिय प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है और झारखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं।
सरकार के प्रयासों की सराहना
उन्होंने बेटियों की सुरक्षा और आत्मरक्षा को लेकर राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संगठन इस दिशा में हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।कार्यक्रम के अंत में सफल प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया और उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
