रांची में कांग्रेस की ‘छात्रों की गूंज’ स्टूडेंट्स मैराथन आयोजित, कन्हैया कुमार ने छात्रों के मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरा

राजधानी रांची में कांग्रेस पार्टी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत रविवार को स्टूडेंट्स मैराथन का आयोजन किया गया। मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसमें बड़ी संख्या में युवाओं और छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम में यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभान चिब, एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, विधायक दल के उप नेता राजेश कच्छप, विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विजेताओं को मिले पुरस्कार

मैराथन के समापन पर महिला और पुरुष वर्ग के विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने घोषणा की कि दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को वित्त विभाग की ओर से कुल एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

कन्हैया कुमार ने छात्रों के मुद्दे उठाए

एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा कोटा से शुरू किया गया ‘छात्रों की गूंज’ अभियान अब देशव्यापी अभियान बन चुका है। उन्होंने बताया कि यह अभियान देश के 28 शहरों में चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य छात्रों की समस्याओं और शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों को सामने लाना है।उन्होंने कहा कि देश में लगातार पेपर लीक, शैक्षणिक सत्रों में देरी, छात्रावासों में मूलभूत सुविधाओं की कमी और पढ़ाई पूरी करने के बाद भी रोजगार नहीं मिलने जैसी समस्याओं से छात्र जूझ रहे हैं। कांग्रेस इन मुद्दों पर छात्रों की राय लेकर उनकी आवाज विपक्ष के नेता राहुल गांधी तक पहुंचा रही है।

‘छात्रों की गूंज’ अभियान की तीन प्रमुख मांगें

कन्हैया कुमार ने अभियान की तीन प्रमुख मांगों का उल्लेख किया—

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और कथित पेपर लीक माफिया के संबंधों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा उनका इस्तीफा लिया जाए।
पेपर लीक पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार किए जाएं और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जाए।
छात्रों और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर जॉब कैलेंडर और एकेडमिक कैलेंडर लागू किया जाए, ताकि परीक्षाओं और नियुक्तियों में अनिश्चितता समाप्त हो और छात्र मानसिक तनाव से बच सकें।

झारखंड में आगे भी जारी रहेगा अभियान

कन्हैया कुमार ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान आगे भी पूरे झारखंड में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जारी रहेगा और छात्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

More From Author

जमशेदपुर में कराटे ब्लैक बेल्ट ग्रेडेशन एवं जज-रेफरी सेमिनार आयोजित, आत्मरक्षा पर दिया गया जोर

एसएसपी एहतेशाम का गालूडीह और घाटशिला थाना का औचक निरीक्षण, अवैध कारोबार पर कार्रवाई के निर्देश