हिमांशु सिंह की तेरहवीं में पहुंचे करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज सिंह शेखावत, सरकार को 30 अगस्त तक दिया अल्टीमेटम

जमशेदपुर के डीडी बार हत्याकांड में मारे गए करणी सेना के सरायकेला-खरसावां युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष हिमांशु सिंह की तेरहवीं पर रविवार को करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज सिंह शेखावत और महिला इकाई की राष्ट्रीय अध्यक्ष संगीता सिंह ने उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।

30 अगस्त तक सरकार को दिया अल्टीमेटम

मुलाकात के दौरान करणी सेना ने राज्य सरकार को 30 अगस्त तक का अल्टीमेटम देते हुए मामले में कई प्रमुख मांगें रखीं। संगठन ने कहा कि यदि समयसीमा के भीतर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आगे की रणनीति पर निर्णय लिया जाएगा।

करणी सेना की प्रमुख मांगें

करणी सेना ने सरकार से मांग की कि—

सेवानिवृत्त न्यायाधीश (रिटायर्ड जज) की निगरानी में विशेष जांच दल गठित कर निष्पक्ष जांच कराई जाए।
हिमांशु सिंह और घायल प्रत्युष सिंह के परिवार को आजीवन सुरक्षा प्रदान की जाए।
सभी दोषियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर उन्हें फांसी या आजीवन कारावास की सजा दिलाई जाए।

पिता ने लगाए गंभीर आरोप

इस दौरान हिमांशु सिंह के पिता ने एक बार फिर आरोप लगाया कि पुलिस ने उनसे कोरे कागज पर हस्ताक्षर कराकर एफआईआर तैयार की।उन्होंने अपनी प्रमुख मांगों में मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल के एनकाउंटर और अपनी पुत्रवधू को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग दोहराई।

27 जून को हुआ था डीडी बार के बाहर हमला

गौरतलब है कि 27 जून को जमशेदपुर के डीडी बार के बाहर हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह पर धारदार हथियार से हमला किया गया था।इस हमले में हिमांशु सिंह की मौत हो गई थी, जबकि प्रत्युष सिंह गंभीर रूप से घायल हुए। उनका इलाज फिलहाल कोलकाता में चल रहा है।

13 आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक भाजपा नेता नीरज सिंह, विश्वनाथ मंडल, राहुल दुबे सहित 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

More From Author

सरयू राय का पुतला दहन के दौरान हुआ हादसा, दो कांग्रेस नेता झुलसे