जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ह्यूम पाइप इंद्रानगर में पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के आरोप में एक महिला और उसके बेटे को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उनके घर से 38 पुड़िया संदिग्ध नशीला पदार्थ बरामद किया।इस मामले की जानकारी सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।
सूचना के आधार पर हुई छापेमारी
सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि भारती कुवर्तो, जो पहले भी ड्रग्स तस्करी के मामलों में जेल जा चुकी है, रिहा होने के बाद फिर से नशीले पदार्थों के कारोबार में सक्रिय हो गई है।सूचना के आधार पर पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की, जहां से भारती कुवर्तो और उसके बेटे विशाल कुवर्तो को गिरफ्तार किया गया।
38 पुड़िया नशीला पदार्थ बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर से 38 पुड़िया संदिग्ध ड्रग्स बरामद किया। पुलिस ने बरामद सामग्री को जब्त कर जांच के लिए भेज दिया है।
महिला पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार, भारती कुवर्तो एक पेशेवर ड्रग पेडलर है। उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में करीब छह आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
एक नाबालिग की भी भूमिका सामने आई
पुलिस ने बताया कि इस मामले में महिला का दूसरा बेटा, जो नाबालिग है, उसकी संलिप्तता भी सामने आई है। नाबालिग से किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार पूछताछ की जा रही है।
न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
आवश्यक पूछताछ के बाद भारती कुवर्तो और विशाल कुवर्तो को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।
