जमशेदपुर के समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना था।बैठक में विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, आधारभूत संरचना, भूमि हस्तांतरण, वन पट्टा स्वीकृति समेत विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने के निर्देश दिए।
डुमरिया और चाकुलिया की पेयजल समस्या के समाधान पर जोर
बैठक में डुमरिया की पेयजल समस्या का समाधान जलमीनार के माध्यम से करने के निर्देश दिए गए। वहीं चाकुलिया के प्राथमिक विद्यालय शिशाखून में पेयजल संकट का जल्द समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
लापरवाही पर कार्यपालक अभियंता को कारण बताओ नोटिस
पोटका के प्राथमिक विद्यालय मिठाईझरना में पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई नहीं किए जाने पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, जमशेदपुर के कार्यपालक अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
15वें वित्त आयोग की राशि का प्राथमिकता से हो उपयोग
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि 15वें वित्त आयोग के टाइड फंड का उपयोग प्राथमिकता के आधार पर चापाकल, जलमीनार, पेयजल स्रोतों के विकास तथा आवश्यक मरम्मत कार्यों में किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था मजबूत हो सके।
छात्रों के बैंक खाते जल्द खोलने के निर्देश
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) और जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) को अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) के साथ समन्वय स्थापित कर सभी पात्र विद्यार्थियों के बैंक खाते शीघ्र खुलवाने के निर्देश दिए गए। इसका उद्देश्य छात्रहितकारी योजनाओं का लाभ समय पर विद्यार्थियों तक पहुंचाना है।
जन्म प्रमाण पत्र के लिए पंचायत स्तर पर विशेष शिविर
उपायुक्त ने जन्म प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) को पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया। साथ ही पंचायत सेवकों से यह प्रमाणित कराने को कहा गया कि उनके पंचायत क्षेत्र का कोई भी बच्चा जन्म प्रमाण पत्र से वंचित न रहे।
विभागीय समन्वय से योजनाओं में तेजी लाने पर जोर
बैठक के दौरान उपायुक्त ने अन्य विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े विषयों की भी समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय से ही सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।
