सरायकेला। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कपाली ओपी पुलिस ने गुरुवार देर शाम कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो वाहन से तीन गाय बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बोलेरो को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुड़ीसिल्ली क्षेत्र में की गई घेराबंदी
पुलिस को सूचना मिली थी कि बोलेरो वाहन संख्या OR09O-3887 में मवेशियों का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस ने पुड़ीसिल्ली क्षेत्र में घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया।हालांकि, पुलिस को देखते ही चालक वाहन को तेज रफ्तार से कपाली की ओर लेकर भाग निकला।
हासमी मोहल्ला में वाहन छोड़कर फरार हुआ चालक
पुलिस ने बोलेरो का पीछा किया। पीछा किए जाने के दौरान चालक हासमी मोहल्ला में वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को उसमें तीन गाय मिलीं। इसके बाद पुलिस ने मवेशियों को सुरक्षित कब्जे में लेकर बोलेरो को जब्त कर लिया।
फरार चालक की तलाश जारी
कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। चालक की गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मवेशियों के परिवहन की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद मवेशियों को कहां से लाया जा रहा था और कहां ले जाया जा रहा था। मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
