कपाली में एक ही रात दो घरों में चोरी, नकदी और जेवरात लेकर फरार हुए चोर

सरायकेला-खरसावां। कपाली ओपी क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। शुक्रवार को रहमत नगर वार्ड संख्या-15 में एक ही रात दो मकानों में चोरी की वारदात सामने आने से इलाके में दहशत फैल गई। अज्ञात चोरों ने बंद पड़े एक मकान का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी कर लिए, जबकि पास के एक अन्य मकान से भी किराये के लिए रखी गई नकदी चोरी होने की सूचना है।

निर्माणाधीन मकान में सो रहा था परिवार

पीड़ित मोहम्मद अफ़ज़ल ने बताया कि उनका नया मकान पास में निर्माणाधीन है। इसी कारण उन्होंने घरेलू सामान पास के एक किराये के मकान में रखा हुआ था। गुरुवार रात पूरा परिवार निर्माणाधीन मकान में सो गया। शुक्रवार सुबह जब वे किराये के मकान पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला।घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था, अलमारी खुली हुई थी और बक्सों के ताले भी टूटे हुए थे।

जेवरात और 32 हजार रुपये नकद चोरी

अफ़ज़ल के अनुसार, चोर सोने की बाली, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल समेत करीब 40 से 45 हजार रुपये मूल्य के जेवरात और 32 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।वहीं, पड़ोस के एक अन्य मकान से भी किराये के लिए रखी गई नकदी चोरी होने की जानकारी सामने आई है। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने एक ही रात में दो घरों को निशाना बनाया।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा अज्ञात चोरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और नाराजगी है। लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातें पुलिस के सामने बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं।

More From Author

झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर जमशेदपुर में 19 जुलाई को भारी वाहनों की नो-एंट्री, ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव

जमशेदपुर: टाइगर मोबाइल जवान पर महिला ने लगाया छेड़खानी का आरोप, एसएसपी से की शिकायत