आदित्यपुर की फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 5 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे; तीन की हालत नाजुक

सरायकेला-खरसावां:सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।घायलों को तत्काल एम्बुलेंस की सहायता से जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में एक महिला मजदूर भी शामिल है, जबकि तीन मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

ग्लोरिया इंजीनियरिंग कंपनी में हुआ धमाका

जानकारी के अनुसार, हादसा आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र फेज-2बी, प्लॉट संख्या-33 स्थित ग्लोरिया इंजीनियरिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री परिसर में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ, जिसकी चपेट में वहां कार्यरत मजदूर आ गए।विस्फोट की तेज आवाज सुनते ही पूरे फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि विस्फोट के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि हादसा गैस रिसाव, सिलेंडर विस्फोट या किसी अन्य तकनीकी खराबी के कारण हुआ।

सुरक्षा मानकों की भी होगी जांच

पुलिस फैक्ट्री के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घायलों से भी घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं और हादसे के समय सुरक्षा व्यवस्था कितनी प्रभावी थी।फिलहाल कंपनी प्रबंधन की ओर से घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के बाद ही विस्फोट के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

More From Author

स्वतंत्रता दिवस 2026 की तैयारियां तेज, उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध व्यवस्था के निर्देश

वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन शातिर गिरफ्तार; चोरी की 5 मोटरसाइकिलें बरामद