भाटिया बस्ती पहुंचे विधायक सरयू राय, पैदल निरीक्षण कर सुनीं लोगों की समस्याएं

जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय रविवार को भाटिया बस्ती पहुंचे, जहां उन्होंने अशोक पथ, मंदिर पथ सहित आसपास के कई इलाकों का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही।

स्थानीय लोगों ने रखीं बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं

निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने विधायक के समक्ष बिजली, जल निकासी, जर्जर नालियों, सड़कों और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। लोगों ने बताया कि लंबे समय से इन समस्याओं के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

भाटिया बस्ती को अलग विकास यूनिट बनाने की योजना

विधायक सरयू राय ने कहा कि भाटिया बस्ती घनी आबादी वाला बड़ा क्षेत्र है। इसलिए इसके समग्र विकास के लिए इसे एक अलग यूनिट के रूप में विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सबसे बड़ी समस्या नालियों और बिजली व्यवस्था की है, जिसे प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा।

सरकार पर साधा निशाना

सरयू राय ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के गठन के लगभग एक वर्ष बाद भी कई विभागों को विकास कार्यों के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं कराई गई है। इसके कारण कई विकास योजनाएं प्रभावित हुई हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले दो से तीन दिनों में विभागों को राशि मिलने के बाद रुके हुए विकास कार्यों में तेजी आएगी।

भूमिगत बिजली केबल और बेहतर सड़क-नालियों पर रहेगा जोर

उन्होंने कहा कि जमशेदपुर नगर निगम और टाटा स्टील के जुसको विभाग के सहयोग से क्षेत्र में आवश्यक नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। योजना के तहत बेहतर सड़कें, बड़े नालों का निर्माण, बिजली व्यवस्था को मजबूत करना तथा पूरे क्षेत्र में खुले बिजली तारों की जगह भूमिगत केबलिंग की जाएगी, ताकि लोगों को सुरक्षित और आधुनिक बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।

More From Author

सरयू राय ने उठाई आमबागान मैदान के सौंदर्यीकरण की मांग, नेताजी स्मारक एवं पर्यटन केंद्र बनाने का दिया सुझाव

झारखंड ह्यूमैनिटी फाउंडेशन ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित, वार्षिक एकेडमिक अवॉर्ड समारोह आयोजित