जमशेदपुर आफताब आलम हत्याकांड: मुख्य दो आरोपी समेत दो नाबालिग गिरफ्तार, हथियार बरामद

जमशेदपुर। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के चर्चित मोहम्मद आफताब आलम हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में शामिल दो मुख्य आरोपियों के साथ दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पिस्टल, मैगजीन और जिंदा गोलियां भी बरामद की गई हैं।

2 अगस्त को रेलवे कंटेनर यार्ड में हुई थी वारदात

सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता में बताया कि 2 अगस्त को बर्मामाइंस स्थित रेलवे कंटेनर यार्ड में अपराधियों ने मोहम्मद आफताब आलम पर गोलीबारी की थी। गंभीर रूप से घायल आफताब आलम को इलाज के लिए पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए कोलकाता ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

हत्या का मामला दर्ज कर शुरू हुई कार्रवाई

घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की। इसी अभियान के तहत दो मुख्य अभियुक्तों और दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया।

हथियार और कारतूस बरामद

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर एक पिस्टल,मैगजीन और जिंदा गोलियां बरामद की गई हैं। पुलिस इन हथियारों की फॉरेंसिक जांच भी कराएगी ताकि घटना में इनके इस्तेमाल की पुष्टि की जा सके।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने दावा किया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

More From Author

जमशेदपुर में तेज बारिश से जलभराव, शहर की ड्रेनेज व्यवस्था की खुली पोल