साकची बाजार में एसी के कॉपर पाइप और तार की चोरी से व्यापारी परेशान, सीसीटीवी में कैद हुआ संदिग्ध

जमशेदपुर: साकची बाजार में पिछले करीब दो महीने से दुकानों की छतों पर लगे एसी के आउटर यूनिट से कॉपर पाइप और तार चोरी होने की घटनाओं ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार हो रही चोरी के कारण दुकानदारों को हजारों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। व्यापारियों का आरोप है कि पुलिस को कई बार सूचना देने के बावजूद घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग सका है।

सीसीटीवी में एसी का कॉपर पाइप काटता दिखा युवक

चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए साकची बाजार के डालडा लाइन इलाके के कुछ दुकानदारों ने दुकानों की छतों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं। मंगलवार, 11 अगस्त को दुकान खोलने पहुंचे व्यापारियों ने जब सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो एक युवक छत पर लगे एसी के आउटर यूनिट से कॉपर पाइप और तार काटता दिखाई दिया।फुटेज सामने आने के बाद दुकानदारों ने सक्रियता दिखाते हुए युवक की तलाश शुरू की और पीछा कर उसे पकड़ लिया।

कपाली का रहने वाला बताया गया युवक

पकड़े गए युवक ने अपना नाम रमजान बताया है। वह कपाली के ओल्ड पुरुलिया रोड का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है।पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक की पहले हुई चोरी की घटनाओं में क्या भूमिका रही है और उसके साथ इस तरह की वारदात में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।

दिनदहाड़े बाजार की छतों पर पहुंच रहे चोर

व्यापारियों का कहना है कि पहले इस तरह की चोरी रात के समय होने की आशंका रहती थी, लेकिन अब चोर दिन के उजाले में भी दुकानों की छतों पर पहुंचकर महंगे कॉपर पाइप और तार काट रहे हैं। इससे दुकानदारों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

कचरा चुनने वालों की गतिविधियों पर भी उठे सवाल

स्थानीय व्यापारियों ने आरोप लगाया कि बाजार में कुछ लोग कचरा चुनने की आड़ में दिनभर घूमते रहते हैं। व्यापारियों का कहना है कि वास्तविक रूप से कचरा चुनने वाले लोगों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान किए जाने की जरूरत है।दुकानदारों ने पुलिस से बाजार में आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों पर नजर रखने की मांग की है।

पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग

व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से साकची बाजार में नियमित गश्त बढ़ाने, दुकानों की छतों और सुनसान हिस्सों पर विशेष निगरानी रखने तथा एसी के कॉपर पाइप और तार चोरी करने वाले गिरोह का पता लगाने की मांग की है।दुकानदारों का कहना है कि समय रहते चोरी की घटनाओं पर रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले दिनों में व्यापारियों का नुकसान और बढ़ सकता है।

सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने की मांग

व्यापारियों ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने की भी मांग की है। उनका कहना है कि बाजार के महत्वपूर्ण हिस्सों और छतों पर निगरानी रहने से चोरी की घटनाओं को रोकने के साथ-साथ वारदात में शामिल लोगों की पहचान करने में पुलिस को मदद मिलेगी।

More From Author

झारखंड बंद का जमशेदपुर में मिला-जुला असर, कई बाजार बंद तो कई इलाकों में खुली रहीं दुकानें

नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी कामयाबी, 10 लाख के इनामी समेत चार नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण