जमशेदपुर: डीबीएमएस करियर अकादमी में बुधवार को इंटरैक्ट क्लब ऑफ डीबीएमएस करियर अकादमी एवं रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में यातायात सुरक्षा जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनके दायित्वों के प्रति जागरूक करना था।


डीएसपी ट्रैफिक नीरज कुमार और राहुल वाडिया ने दी महत्वपूर्ण जानकारी
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डीएसपी ट्रैफिक जमशेदपुर नीरज कुमार और टाटा मोटर्स के हेड ऑफ सेफ्टी राहुल वाडिया उपस्थित रहे।दोनों विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने यातायात नियमों के पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व तथा सड़क पर सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। अपने अनुभवों और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय भी बताए।
करीब 125 विद्यार्थियों ने लिया भाग
यातायात सुरक्षा जागरूकता सत्र में करीब 125 विद्यार्थियों ने भाग लिया और सड़क सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। विद्यार्थियों को बताया गया कि छोटी-सी लापरवाही भी सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए यातायात नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है।
विद्यालय प्रबंधन ने किया अतिथियों का स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की अध्यक्ष श्रीमती गीता मोहंदास द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद प्रधानाचार्या श्रीमती सोमा बनर्जी ने अतिथियों को पौधे भेंट कर सम्मानित किया।बताया गया कि यातायात सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम प्रधानाचार्या सोमा बनर्जी की पहल और परिकल्पना का परिणाम है।
रोटरी क्लब के प्रतिनिधि भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में विद्यालय की सचिव श्रीमती मीना सुंदरराज और कोषाध्यक्ष श्रीमती मंजू कृष्णा भी उपस्थित रहीं। वहीं रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर की ओर से अध्यक्ष श्रीमती गुरप्रीत कौर, डॉ. रीता झा और डॉ. जूही समर्पिता ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
सड़क सुरक्षा को बताया सामूहिक जिम्मेदारी
सत्र के दौरान विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार, सजग और संवेदनशील नागरिक बनने की प्रेरणा दी।
