खरसावां में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 लाख के चोरी के सोना-चांदी के आभूषण बरामद, चार गिरफ्तार

सरायकेला: खरसावां थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच आमदा ओपी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने गुलगुलिया बस्ती, आमदा में छापेमारी कर करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान बरामद किया है। मामले में पुलिस ने ललन मोदी उर्फ टिक्का मोदी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।इस पूरे मामले का खुलासा गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सर्किल इंस्पेक्टर राजेश टुड्डू ने किया।

19 अगस्त को मिली थी चोरी के गहने छिपाकर रखने की सूचना

पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त 2026 को करीब 1:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि खरसावां थाना अंतर्गत आमदा ओपी के कांड संख्या 36/26 और 37/26 में चोरी किए गए गहने गुलगुलिया बस्ती निवासी ललन सिंह मोदी उर्फ टिक्का मोदी के घर में छिपाकर रखे गए हैं।सूचना का सत्यापन करने के बाद आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी की।

पुलिस को देखकर भागने लगे लोग, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान घर में मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर ललन मोदी उर्फ टिक्का मोदी को पकड़ लिया।इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान टीन की अलमारी के नीचे रखे एक झोले से प्लास्टिक की पोटली बरामद हुई। पोटली खोलने पर उसमें बड़ी मात्रा में सोना-चांदी के आभूषण और अन्य सामान मिला।पुलिस के मुताबिक, बरामद सामान के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पायल, अंगूठी, चेन और सोने के आभूषण समेत कई सामान बरामद

पुलिस ने छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में चांदी के आभूषण और अन्य सामान जब्त किए हैं। बरामद वस्तुओं में चांदी की पायल और बिछिया,अंगूठियां और ब्रासलेट,कमरखोसनी,गले की चेन और लॉकेट,चांदी के सिक्के और बिस्कुट,पंजा समेत अन्य आभूषण,सोने के लॉकेट, झुमके, नथिया और ताबीज,एमआई कंपनी का एक स्विच ऑफ मोबाइल फोन और टाइटन कंपनी की एक हाथ घड़ी शामिल हैं। पुलिस ने बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई है।

पूछताछ में चोरी के नेटवर्क से जुड़े होने की बात सामने आने का पुलिस का दावा

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी ललन मोदी ने चोरी की घटनाओं से संबंधित जानकारी दी है। पुलिस का दावा है कि बरामद सामान का संबंध सरायकेला थाना, खरसावां थाना और आमदा ओपी क्षेत्र में हुई चोरी की विभिन्न घटनाओं से हो सकता है।पुलिस अब बरामद आभूषणों के वास्तविक मालिकों की पहचान करने और अन्य चोरी के मामलों से इनके संबंध की जांच कर रही है।

बीएनएस की धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला

इस मामले में खरसावां थाना (आमदा ओपी) कांड संख्या 39/26, दिनांक 19 अगस्त 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2), 317(4), 317(5) एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों ललन मोदी उर्फ टिक्का मोदी, उम्र 44 वर्ष,अनु मोदी, उम्र 19 वर्ष,रूपा मोदी, उम्र 22 वर्ष और कुंती मोदी, उम्र 21 वर्ष को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी ललन मोदी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मानगो थाना और चक्रधरपुर थाना में चोरी और चोरी के सामान से संबंधित मामले दर्ज होने की बात कही गई है।

आमदा ओपी प्रभारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

सर्किल इंस्पेक्टर राजेश टुड्डू ने बताया कि आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की।उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।इस कार्रवाई में आमदा ओपी प्रभारी पु.अ.नि. रामरेखा पासवान, पु.अ.नि. योगेश रजक, स.अ.नि. रोपना राम कांशी तथा आरक्षी-199 राजेन्द्र नाथ किस्कू शामिल रहे।

More From Author

सरायकेला पुलिस ने चोरी हुए दो स्प्लेंडर बाइक की बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर: डाकघर की अनूठी पहल — 100 स्कूलों में बच्चे बना रहे ‘हैंडमेड राखी’; पोस्ट ऑफिस फ्री में पहुंचाएगा भाइयों तक, मिलेंगे गोल्ड व सिल्वर मेडल