जमशेदपुर : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत दावा-आपत्ति के दौरान प्राप्त दस्तावेजों के सत्यापन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 22 और 23 अगस्त 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।इस संबंध में समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के नोडल पदाधिकारियों को प्राप्त दस्तावेजों के व्यवस्थित और सावधानीपूर्वक सत्यापन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


दस्तावेजों के सत्यापन के लिए टीम गठित
जिला प्रशासन ने दावा-आपत्ति के तहत प्राप्त दस्तावेजों की जांच के लिए टीम का गठन किया है। बैठक में कार्यालय स्तर पर गठित टीम द्वारा किए जाने वाले कार्यों की जानकारी भी संबंधित पदाधिकारियों को दी गई।सभी पदाधिकारी और कर्मचारियों को समयबद्ध तरीके से सत्यापन कार्य पूरा करने तथा मतदाताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदारी के साथ काम करने का निर्देश दिया गया।
पात्र मतदाता का नाम प्रभावित न हो
बैठक में विशेष रूप से निर्देश दिया गया कि प्रत्येक दावा और आपत्ति की जांच संवेदनशीलता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ की जाए। मतदाताओं द्वारा जमा किए गए दस्तावेजों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सत्यापन किया जाए।प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम केवल दस्तावेजी प्रक्रिया में कमी के कारण प्रभावित न हो।
सत्यापन में पारदर्शिता बरतने का निर्देश
अधिकारियों को प्राप्त दस्तावेजों की जांच निर्धारित मानकों के अनुरूप करने और आवश्यक अभिलेखों का उचित संधारण करने को कहा गया है। किसी भी तरह की शंका या कठिनाई होने पर संबंधित वरीय पदाधिकारी से मार्गदर्शन लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
प्रशासन ने मतदाताओं से की सहयोग की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि दावा एवं आपत्ति से संबंधित प्रक्रिया के दौरान आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराएं और मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में सहयोग करें।प्रशासन का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सहभागी बनाना है। बैठक में पुलिस, अभियंत्रण, शिक्षा, नगर निकाय, प्रखंड और अंचल स्तर के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
