आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया रेलवे स्टेशन के समीप एक किराये के मकान से 35 वर्षीय युवक का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सपन दास (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी कट्टा भी बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।


कमरे से बदबू आने पर पुलिस को दी गई सूचना
जानकारी के अनुसार, किराये के मकान से बदबू आने के बाद स्थानीय लोगों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों को इसकी जानकारी दी।परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे में सपन दास लहूलुहान अवस्था में मृत मिला।
घटनास्थल से देसी कट्टा बरामद
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से देसी कट्टा बरामद होने के कारण पुलिस मामले को कई पहलुओं से जांच रही है।प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने अभी मौत के कारण की अंतिम पुष्टि नहीं की है।
चार महीने पहले किराये के मकान में रहने आया था युवक
बताया गया कि सपन दास शादीशुदा था और उसके दो बच्चे हैं। उसकी पत्नी और बच्चे सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुईयांडीह में रहते हैं। करीब चार महीने पहले सपन गम्हरिया रेलवे स्टेशन के पास किराये के मकान में रहने आया था।वह आरकेएफएल कंपनी में काम करता था। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह यहां एक अन्य महिला के साथ रह रहा था।
पत्नी की शिकायत पर महिला के खिलाफ मामला दर्ज होने की बात
मामले में मृतक की पत्नी की शिकायत पर उक्त महिला के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट होगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
