जमशेदपुर: उलीडीह थाना क्षेत्र के शर्मा लाइन में रविवार को दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। बदमाशों ने पूजा-अर्चना कर घर लौट रही एक महिला के गले से करीब दो लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए।


पूजा कर घर लौट रही थीं कांति देवी
जानकारी के अनुसार, कांति देवी पूजा-अर्चना करने के बाद अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाश उनके पास पहुंचे और मौका मिलते ही उनके गले से सोने की चेन झपट ली।घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला कुछ समझ पातीं, उससे पहले ही अपराधी मौके से फरार हो चुके थे।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
चेन स्नैचिंग की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने के बाद उलीडीह थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज में संदिग्धों की तस्वीर कैद
पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि कुछ संदिग्धों की तस्वीर सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस इन तस्वीरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
दिनदहाड़े वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत
रिहायशी इलाके में दिनदहाड़े चेन छिनतई की घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य सुरागों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
