जमशेदपुर के भूतनाथ मंदिर में महिला की 5 लाख की सोने की चेन गायब, सीसीटीवी की जांच में जुटी पुलिस

जमशेदपुर: सोनारी स्थित प्रसिद्ध भूतनाथ मंदिर में सावन की अंतिम सोमवारी पर पूजा-अर्चना के दौरान एक महिला के गले से करीब पांच लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन गायब होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया। पीड़िता ने आशंका जताई है कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का फायदा उठाकर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया।

सहेली के साथ मंदिर पहुंची थीं रीना चौधरी

जानकारी के अनुसार, पीड़िता रीना चौधरी सोमवार दोपहर करीब पौने 12 बजे अपनी एक सहेली के साथ मंदिर पहुंची थीं। उन्होंने पहले खाटू श्याम मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद भगवान शिव को जल अर्पित करने के लिए भूतनाथ मंदिर पहुंचीं।सावन माह की अंतिम सोमवारी होने के कारण मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी।

तीन महिलाएं और तीन पुरुष पीछे-पीछे आने का आरोप

रीना चौधरी ने बताया कि मंदिर में प्रवेश करने के दौरान तीन महिलाएं और तीन पुरुष उनके पीछे-पीछे आए। आरोप है कि इनमें से एक महिला ने उन्हें उनकी सहेली से अलग कर दिया, जबकि अन्य लोगों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया।भीड़ अधिक होने के कारण उस समय उन्हें किसी तरह की आशंका नहीं हुई और वे पूजा-अर्चना में व्यस्त हो गईं।

पूजा के बाद पता चला, गले से गायब है चेन

पूजा समाप्त होने के बाद जब रीना चौधरी मंदिर से बाहर निकलने लगीं, तब उनकी सहेली ने बताया कि उनके गले में पहनी गई सोने की चेन दिखाई नहीं दे रही है। इसके बाद उन्होंने जांच की तो चेन गायब मिली।पीड़िता का कहना है कि मंदिर में प्रवेश करते समय चेन उनके गले में थी। ऐसे में उन्हें संदेह है कि भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने वारदात को अंजाम दिया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज में कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधियां दिखाई देने की बात सामने आई है।पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ है या नहीं।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

मंदिर परिसर में हुई इस घटना के बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अंतिम सोमवारी के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे थे, जिसका फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास जारी है।

More From Author

जमशेदपुर में 59 किलो गांजा बरामद, एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान 6 आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर में 26 अगस्त को निकलेगा 18वां मुत्तहिदा जुलूस-ए-मोहम्मदी, 500 से अधिक वॉलेंटियर संभालेंगे व्यवस्था