जमशेदपुर में 26 अगस्त को निकलेगा 18वां मुत्तहिदा जुलूस-ए-मोहम्मदी, 500 से अधिक वॉलेंटियर संभालेंगे व्यवस्था

जमशेदपुर: पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के जन्मदिवस ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर 26 अगस्त 2026 को जमशेदपुर में 18वां मुत्तहिदा जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।इस संबंध में धतकीडीह स्थित मदरसा फैजुल उलूम में तंजीम अहले सुन्नत जमात के उलेमा-ए-कराम द्वारा आयोजित प्रेसवार्ता में जुलूस की तैयारियों, रूट और व्यवस्था की जानकारी दी गई।

अमन, भाईचारा और इंसानियत का दिया जाएगा संदेश

तंजीम के जनरल सेक्रेटरी एवं इस्लामिक स्कॉलर मुफ्ती जियाउल मुस्तफा कादरी ने बताया कि इस वर्ष पैगंबर-ए-इंसानियत हजरत मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के दुनिया में तशरीफ लाने के 1501 वर्ष पूरे हो रहे हैं।इस अवसर पर शहर में भव्य और ऐतिहासिक जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। जुलूस का मुख्य उद्देश्य समाज में अमन, भाईचारा, इंसानियत और शिक्षा का संदेश पहुंचाना है।उन्होंने बताया कि जुलूस के दौरान इस्लाम की शिक्षाओं और मानवता से जुड़े संदेशों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।

मस्जिदों और मदरसों में सजावट, शिक्षा सामग्री बांटने की अपील

ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर शहर की विभिन्न मस्जिदों, मदरसों और मोहल्लों में आकर्षक सजावट और बैनर लगाए गए हैं।तंजीम ने शहरवासियों से अपील की है कि जुलूस के दौरान भोजन और उपहार वितरण के साथ-साथ शिक्षा से जुड़ी किताबें और अध्ययन सामग्री भी वितरित की जाए। इसका उद्देश्य समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है।

500 से अधिक वॉलेंटियर संभालेंगे जुलूस की व्यवस्था

जुलूस की व्यवस्था और यातायात संचालन के लिए 500 से अधिक वॉलेंटियर तैनात किए जाएंगे। सभी वॉलेंटियर को विशेष सेफ्टी टी-शर्ट और पहचान पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।वॉलेंटियर यह सुनिश्चित करेंगे कि जुलूस के दौरान आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो। साथ ही एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवा से जुड़े वाहनों को तुरंत रास्ता उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जाएगी।

अनुशासन पर विशेष जोर, स्टंट और गैर-शरई गतिविधियों पर रोक

तंजीम की ओर से जुलूस में शामिल होने वालों के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अनुसार जुलूस में सबसे आगे उलेमा-ए-कराम रहेंगे और उनके पीछे आम अकीदतमंद शामिल होंगे।मोटरसाइकिल और छोटी गाड़ियों को जुलूस के पीछे रखा जाएगा। किसी भी प्रकार के स्टंट या अनुशासनहीनता की अनुमति नहीं होगी। नकली तलवारों सहित गैर-शरई गतिविधियों के प्रदर्शन पर भी प्रतिबंध रहेगा।

सुबह 8:30 बजे मानगो गांधी मैदान से शुरू होगा जुलूस

जुलूस 26 अगस्त को सुबह 8:30 बजे मानगो गांधी मैदान से रवाना होगा। इसके बाद जुलूस विभिन्न मार्गों से होते हुए साकची पहुंचेगा।दोपहर 12 बजे साकची आमबागान मैदान में उलेमा-ए-कराम की तकरीर होगी। इसके बाद जुलूस निर्धारित मार्गों से आगे बढ़ते हुए धतकीडीह सेंटर मैदान पहुंचेगा।यहां सलातो-सलाम, दुआ और संबोधन के बाद दोपहर 2:30 बजे जुलूस का समापन किया जाएगा।

प्रेसवार्ता में कई उलेमा रहे मौजूद

प्रेसवार्ता में मुफ्ती जियाउल मुस्तफा कादरी, मौलाना बुरहानुल होदा, मौलाना शमशादुल कादरी और मौलाना कलीमुद्दीन सहित कई उलेमा मौजूद रहे।तंजीम अहले सुन्नत जमात ने शहरवासियों से अपील की है कि 18वें मुत्तहिदा जुलूस-ए-मोहम्मदी को शांति, सौहार्द और अनुशासन के साथ सफल बनाएं।

More From Author

जमशेदपुर के भूतनाथ मंदिर में महिला की 5 लाख की सोने की चेन गायब, सीसीटीवी की जांच में जुटी पुलिस

सावन की अंतिम सोमवारी पर जमशेदपुर में भगवान शिव का भव्य महाअभिषेक, गूंजा हर-हर महादेव