जमशेदपुर: रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेल पुलिस ने ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत कार्रवाई करते हुए स्टील एक्सप्रेस में महिला यात्री की सोने की चेन चोरी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है।
स्टील एक्सप्रेस में महिला के लेडिस पर्स से चोरी हुई थी चेन
मिली जानकारी के अनुसार, गम्हरिया निवासी सुनीता वर्मा 24 अगस्त को स्टील एक्सप्रेस से यात्रा कर रही थीं। इसी दौरान उनके लेडिस पर्स से सोने की चेन चोरी हो गई।घटना के संबंध में उन्होंने 28 अगस्त को रेल थाना टाटानगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
सीसीटीवी फुटेज से संदिग्ध युवक की हुई पहचान
शिकायत मिलने के बाद चक्रधरपुर मंडल के मंडल सुरक्षा आयुक्त और रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के निर्देश पर आरपीएफ टाटानगर और जीआरपी टाटानगर की संयुक्त टीम ने मामले की जांच शुरू की।जांच के दौरान टाटानगर स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध युवक की पहचान की।
स्टेशन परिसर में छापेमारी कर आरोपी गिरफ्तार
संदिग्ध की पहचान होने के बाद संयुक्त टीम ने टाटानगर स्टेशन परिसर में छापेमारी की और युवक को हिरासत में लिया।पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से महिला यात्री की चोरी हुई सोने की चेन बरामद कर ली गई।गिरफ्तार आरोपी की पहचान भगवान चौधरी (24 वर्ष) के रूप में हुई है। वह कोटशीला का रहने वाला बताया गया है।
4.830 ग्राम सोने की चेन बरामद
पुलिस के अनुसार, बरामद सोने की चेन का वजन 4.830 ग्राम है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 81 हजार रुपये बताई गई है।आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई के बाद आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए रेल थाना टाटानगर को सौंप दिया गया है।
रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कार्रवाई जारी
‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत हुई इस कार्रवाई के बाद रेल पुलिस और आरपीएफ ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर निगरानी और जांच अभियान जारी रखा है।मामले में आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस चोरी की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
